मंत्री के काफिले के आगे सिलेंडर रखकर महिलाओं का हंगामा, किल्लत पर फूटा गुस्सा; नहीं उतरीं राज्यमंत्री राधा सिंह, कांग्रेस ने बताया शर्मनाक
सीधी के पड़ेनिया स्थित प्रताप गैस एजेंसी पर गैस किल्लत से नाराज महिलाओं ने राज्य मंत्री राधा सिंह के काफिले को रोककर प्रदर्शन किया और सिलेंडर सड़क पर रख दिए, जिससे करीब 10 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें 10–15 दिनों से गैस नहीं मिल रही। घटना का वीडियो भी सामने आया
सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं, मंत्री के काफिले को घेरा
गैस किल्लत पर फूटा गुस्सा, 10 मिनट तक रुका रहा काफिला
सीधी शहर के पड़ेनिया स्थित प्रताप गैस एजेंसी पर घरेलू गैस की किल्लत से नाराज लोगों ने गुरुवार शाम जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्य मंत्री राधा सिंह का काफिला भी मौके से गुजर रहा था, जिसे प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया। महिलाओं ने सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर विरोध जताया, जिससे करीब 10 मिनट तक काफिला फंसा रहा और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि पिछले 10 से 15 दिनों से उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि बुकिंग के बाद ओटीपी तो मिल जाता है, लेकिन एजेंसी द्वारा डिलीवरी में 10 दिन से अधिक की देरी की जा रही है, जिससे घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है।
घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं काफिले के सामने खड़ी होकर नारेबाजी करती दिख रही हैं। वीडियो में कुछ स्थानीय नेता भीड़ को शांत कर रास्ता खाली कराने की कोशिश करते नजर आए।
वहीं, राज्य मंत्री राधा सिंह ने पूरे मामले में हंगामे की बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक की वजह से उनका काफिला केवल एक मिनट के लिए रुका था और किसी तरह का विरोध नहीं हुआ।
दूसरी ओर, एनएसयूआई के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि जिले में गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों से लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अपनी गाड़ी से नीचे नहीं उतरीं और प्रदर्शन कर रही महिलाओं की समस्या नहीं सुनी, जो बेहद शर्मनाक है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस