खिलाड़ी कभी हारता नहीं है या तो जीतता है या तो सीखता है: गोविंद सिंह राजपूत,राहतगढ़ क्रिकेट महाकुंभ के सूत्रधार बने आकाश सिंह राजपूत, युवाओं की ताकत से रचा इतिहास

सागर जिले के राहतगढ़ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट महाकुंभ का फाइनल मुकाबला फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब और ऐरन यंग स्टार क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया, जिसमें फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने 84 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। पुरस्कार वितरण समारोह में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और भाईचारे की भावना पैदा करते हैं।

खिलाड़ी कभी हारता नहीं है या तो जीतता है या तो सीखता है: गोविंद सिंह राजपूत,राहतगढ़ क्रिकेट महाकुंभ के सूत्रधार बने आकाश सिंह राजपूत, युवाओं की ताकत से रचा इतिहास

राहतगढ़ क्रिकेट महाकुंभ का भव्य समापन, फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब बनी चैंपियन

भोपाल। प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का नाम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण और भाईचारे की भावना का प्रतीक है। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ही टीमें उनके परिवार का हिस्सा हैं और मैदान में दिखाई गई मेहनत, जुनून और खेल भावना वास्तव में युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की पहचान है। 
खाद्य मंत्री श्री राजपूत सुरखी विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन महीनों से युवा शक्ति संगठन द्वारा  राहतगढ़ के सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में आयोजित भव्य क्रिकेट महाकुंभ के फाइनल मुकाबले के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। फाइनल मैच फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब राहतगढ़ और ऐरन यंग स्टार क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया, जिसमें फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 84 रनों से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य करते हैं।
मंत्री श्री राजपूत ने उपस्थित सभी खिलाड़ियों, युवाओं और नागरिकों को 11 मार्च को सागर स्थित ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी में मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया। इस अवसर पर फाइनल मुकाबले को देखने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में हजारों की संख्या में खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा मैदान दर्शकों से खचाखच भर गया। मैच के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत रहे, जिन्होंने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

क्रिकेट महाकुंभ युवाओं की ऊर्जा और एकता का प्रतीक बन चुका : आकाश सिंह राजपूत

इस दौरान युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि राहतगढ़ में आयोजित क्रिकेट महाकुंभ युवाओं की ऊर्जा और एकता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से मुंबई से आए सुप्रसिद्ध फिल्म डायरेक्टर द्वारा इस पूरे क्रिकेट महाकुंभ की विशेष शूटिंग की गई है, जिसे जल्द ही फिल्म के रूप में पर्दे पर प्रदर्शित किया जाएगा। इस फिल्म में टूर्नामेंट के खिलाड़ी, कार्यकर्ता और युवा शक्ति संगठन से जुड़े सभी युवा दिखाई देंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन में दर्ज है क्रिकेट महाकुंभ। सागर जिले में युवाओं की प्रतिभा को मंच देने वाला क्रिकेट महाकुंभ आज एक विशाल और प्रेरणादायक आयोजन के रूप में स्थापित हो चुका है। युवाशक्ति संगठन द्वारा शुरू किया गया यह टूर्नामेंट वर्ष 2021 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और पिछले पाँच वर्षों में इसने क्षेत्र के खेल इतिहास में एक नई पहचान बनाई है। यह आयोजन केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, खेल भावना और संगठनात्मक क्षमता का अद्भुत उदाहरण बन चुका है।