नासिर अंसारी मेमोरियल जूनियर लीग फुटबॉल के दूसरे सीजन का धमाकेदार आगाज; पहले मैच में ग्रेट मैन तो दूसरे मुकाबले में दीपक मेमोरियल 'बी' विजयी
सागर में ‘नासिर अंसारी मेमोरियल जूनियर लीग फुटबॉल चैंपियनशिप’ के दूसरे सीजन का शानदार आगाज हुआ। यह टूर्नामेंट विक्रम अवॉर्डी और 8 बार संतोष ट्रॉफी में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके स्व. नासिर अंसारी की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।
विक्रम अवॉर्डी व 8 बार संतोष ट्रॉफी खेलने वाले नेशनल फुटबाल प्लेयर स्व नासिर अंसारी की स्मृति में शुरू हुआ टूर्नामेंट; शहर की 8 टीमें दिखा रही हैं दमखंम
सागर/ खेल और खिलाड़ियों की धरा सागर में फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बेहद रोमांचक सफर की शुरुआत हो चुकी है। मध्य प्रदेश का नाम देश भर में रोशन करने वाले विक्रम अवॉर्डी और रिकॉर्ड 8 बार संतोष ट्रॉफी फुटबॉल में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले विख्यात नेशनल फुटबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय नासिर अंसारी की पावन स्मृति में 'नासिर अंसारी मेमोरियल जूनियर लीग फुटबॉल चैंपियनशिप' के द्वितीय वर्ष (दूसरे सीजन) का भव्य व धमाकेदार शुभारंभ सोमवार को ग्रेट मैन इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में किया गया। इस प्रतिष्ठित जूनियर लीग टूर्नामेंट में सागर शहर की कुल 8 दिग्गज टीमें खिताब के लिए आपस में दमखम दिखा रही हैं।
प्रतियोगिता के पहले ही दिन खेले गए दो प्रारंभिक मैचों में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर और रोमांच देखने को मिला। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 'दीपक मेमोरियल-ए' और मेजबान 'ग्रेट मैन इंटरनेशनल स्कूल' के मध्य खेला गया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमें एक-दूसरे पर हावी होने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन मैच के ठीक 7वें मिनट में ग्रेट मैन स्कूल के स्टार खिलाड़ी ओम देवलिया ने एक शानदार और दर्शनीय गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी। दीपक मेमोरियल की टीम ने बराबरी के लिए अंत तक कड़ा संघर्ष किया, लेकिन ओम का यह इकलौता गोल मैच के अंत तक निर्णायक साबित हुआ और ग्रेट मैन इंटरनेशनल स्कूल ने 1-0 से यह मैच अपने नाम कर लिया।
लीग का दूसरा मुकाबला 'दीपक मेमोरियल-बी' और 'पारस विद्या विहार-ए' की टीमों के बीच खेला गया। इस मैच में दीपक मेमोरियल-बी के खिलाड़ियों ने मैदान पर बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पारस विद्या विहार के डिफेंस को भेदते हुए दीपक मेमोरियल-बी की टीम ने मैच में एक के बाद एक 2 शानदार गोल दागे और विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका न देते हुए मुकाबला 2-0 से एकतरफा जीत लिया। दोनों ही मैचों के दौरान मैदान पर मौजूद फुटबॉल प्रेमियों और दर्शकों ने तालियां बजाकर नन्हे खिलाड़ियों का जमकर उत्साहवर्धन किया।
इसके पूर्व, खेल उत्सव के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में ग्रेट मैन इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर श्री नीरज केसरवानी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर गेंद पर किक मारकर टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया। इस गरिमामयी अवसर पर केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 के स्पोर्ट्स ऑफिसर श्री नईम खान, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के स्पोर्ट्स ऑफिसर ज्यूड रॉबर्ट, केंद्रीय विद्यालय भोपाल के श्री नदीम खान तथा पूर्व नेशनल खिलाड़ी श्री विमल देव विशेष रूप से उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी दो बेहद रोमांचक मैच खेले जाएंगे, जिसमें पहला मुकाबला पारस विद्या विहार-बी वर्सेस सागर फ्लायर-ए के बीच और दूसरा मैच खुरई वर्सेस सागर फ्लायर-बी की टीमों के मध्य खेला जाएगा।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस