AI समिट में यूथ कांग्रेस का टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन, PM मोदी के खिलाफ की नारेबाजी; पुलिस ने 5 को हिरासत में लिया
दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के बीच चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया। भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस ने शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया। जिसे लेकर हंगामा बढ़ने लगा है। बीजेपी ने सवाल उठाए हैं, उधर कांग्रेस ने प्रदर्शन का सपोर्ट किया है।
नई दिल्ली:राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 (India AI Impact Summit 2026) के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक शर्ट उतार कर विरोध प्रदर्शन किया. इस मामले में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. गोयल ने कहा कि देश आगे बढ़ता है तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है. प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. अब ये मामला तूल पकड़ता दिख रहा है.
पीयूष गोयल की प्रतिक्रिया
इस हंगामे के बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 'जब देश आगे बढ़ता है, तो कुछ लोगों को बहुत तकलीफ होती है.' उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में बाधा डालना प्रगति को रोकने की कोशिश है.
यूथ कांग्रेस ने किया शर्ट उतार प्रदर्शन
युवा कांग्रेस के करीब 10 कार्यकर्ताओं ने समिट के वेन्यू के अंदर अपनी शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर भारत-अमेरिका सौदे के जरिए राष्ट्रीय हितों से समझौता करने का आरोप लगाया. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और तिलक मार्ग थाने में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
समिट में कैसे पहुंचे प्रदर्शनकारी?
ये मामला AI समिट में सुरक्षा चूक का भी है. बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी कथित तौर पर QR-कोड वाले पास का उपयोग करके वेन्यू के अंदर पहुंचे थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं.
बता दें कि इस 5 दिवसीय सम्मेलन (19-21 फरवरी 2026) का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने किया था, जिसमें दुनिया भर के तकनीकी दिग्गज और नीति निर्माता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य पर चर्चा कर रहे हैं.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस