टीआई पर बैंककर्मी को पिटवाने और जबरन राजीनामा कराने का आरोप,वंदे भारत में सीट को लेकर हुआ विवाद

हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया ने भोपाल से दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर गुंडे बुलाकर यात्री के साथ मारपीट कराई। यात्री इनकी शिकायत करने जीआरपी थाना पहुंचे तो यहां हवालात में बंद कराने का डर दिखाया और जबरन राजानामी पत्र लिखवाया गया।

टीआई पर बैंककर्मी को पिटवाने और जबरन राजीनामा कराने का आरोप,वंदे भारत में सीट को लेकर हुआ विवाद

वंदे भारत ट्रेन में सामान रखने के मामूली विवाद को लेकर एक टीआई रेंक के अधिकारी ने एक सहयात्री बैंककर्मी को न सिर्फ वर्दी की धौंस दिखाई, बल्कि फोन कर ग्वालियर स्टेशन पर गुंडों को ​बुलवाकर उसे पिटवा दिया। झांसी जीआरपी में शिकायत के दौरान फरियादी को ही लॉकअप में बंद करने की धमकी देकर राजीनामा करा दिया...

भोपाल के हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया ने रानी कमलापति स्टेशन से दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन में सामान रखने को लेकर सहयात्रियों के साथ जमकर विवाद किया। उनके साथ यात्रा कर रहे बैंककर्मी के साथ सामान रखने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि उन्होंने ग्वालियर में युवकों को बुलाकर बैंककर्मी के साथ मारपीट भी कराई। ग्वालियर में जीआरपी थाने में मामला पहुंचा, तो दबाव बनाकर राजीनामा भी लिखवा लिया। यह घटनाक्रम गत 16 फरवरी का है। हालांकि जीआरपी के अफसर दबाव डालने के आरोपों से इनकार कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक भोपाल के हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया गत 16 फरवरी को रानी कमलापति स्टेशन से ग्वालियर के बीच सी-9 कोच में सीट नंबर 15 पर यात्रा कर रहे थे। उनके बगल में अवधपुरी निवासी बैंककर्मी नीतेश त्रिपाठी की भी सीट थी। रानी कमलापति स्टेशन पर नीतेश त्रिपाठी ने टीआई की सीट पर सामान रख दिया था, जिसको लेकर विवाद शुरू हुआ। टीआई ने विवाद के दौरान धमकी दी कि मैं हनुमानगंज थाना प्रभारी हूं और मुरैना का रहने वाला हूं। ग्वालियर आने दो, फिर बताता हूं कि मैं क्या हूं।

फोन करके गुंडे बुलाए तो नितेश ने मांगी सुरक्षा

इस बीच निरीक्षक भदौरिया ने किसी को फोन करके कहा कि पांच-छह लोगों को लेकर ग्वालियर स्टेशन पहुंचो, एक को ठोकना है। बहुत बोल रहा है। इससे दहशत में यात्रियों ने टीटीई समेत रेल मदद एप पर मदद मांगी। झांसी में पुलिस आई। लेकिन, ट्रेन ग्वालियर पहुंची तो यहां मौजूद युवकों ने भदौरिया के इशारे पर नीतेश को पीटा।

जबरन लिखवाया राजीनामा : कोच में यात्रा कर रहे श्रवण सिंह ने बताया कि मैंने भदौरिया को शांत कराने का प्रयास किया तो मुझसे बदसलूकी की। ग्वालियर जीआरपी के जवान लॉकअप में डालने की बातें करने लगे। दबाव डालकर राजीनामा लिखवाया गया।

झूठे केस लगाने, जान से मारने की धमकी भी दी मामूली बात पर विवाद किया। मैंने माफी भी मांगी, फिर भी धमकाया। कहा कि ग्वालियर में बताता हूं। स्टेशन पर गुंडे बुलाकर पिटवाया। झूठे केस लगाने और परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी है। -नीतेश त्रिपाठी, पीड़ित यात्री

अपराधी टाइप लोग थे, थाने में समझौता हो गया कुछ लोग अपराधी टाइप के थे। बैग रखने की बात पर विवाद हुआ था। हमने गुंडे नहीं पुलिस बुलाई थी। थाने गए थे, थाने में समझौता हो गया था। -अवधेश भदौरिया, टीआई, हनुमानगंज