प्रशासनिक सर्जरी : सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, सिया विवाद में दो IAS अधिकारियों को हटाया
सिया संबंधी विवाद में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सख्त कदम उठाते हुए दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को हटा दिया है. जानिए किसे कहां मिली नई जिम्मेदारी.

मध्यप्रदेश में SEIAA विवाद के चलते पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव नवनीत कोठारी को हटा दिया गया है।
MP IAS Transfer: मध्यप्रदेश में SEIAA विवाद के चलते पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव नवनीत कोठारी को हटा दिया गया है। अब वे राज्यपाल के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव केसी गुप्ता को MP कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है।
चंद्रमौलि शुक्ला को मुख्यमंत्री के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे वर्तमान दायित्वों के साथ यह जिम्मेदारी भी निभाएंगे। अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को अपर मुख्य सचिव पर्यावरण विभाग, पर्यावरण आयुक्त और महानिदेशक एप्को का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। दीपक आर्य को कार्यपालन संचालक पर्यावरण नियोजन और समन्वय संगठन एप्को का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। केसी गुप्ता के अपर मुख्य सचिव कुटीर और ग्रामोद्योग का कार्यभार संभालने के बाद अमित राठौर इसके अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे। उमा माहेश्वरी आर को ओएसडी सह संचालक भारतीय चिकित्सा पद्धति और होम्योपैथी की जिम्मेदारी दी गई है।
बता दें कि स्टेट एन्वायरनमेंट इम्पैक्ट असेसमेंट अथॉरिटी (सिया) के चेयरमैन व अफसरों के बीच ढ़ाई महीने से विवाद चल रहा था। राज्य व केंद्र के जिम्मेदार अफसर भी वाकिफ थे लेकिन कार्रवाई की पहल किसी भी स्तर से नहीं की गई। इसका नतीजा यह हुआ कि सिया से मिलने वाली पर्यावरणीय अनुमति से जुड़े कई सरकारी व निजी प्रोजेक्ट लंबित हैं। जनमानस में भ्रष्टाचार वाली छवि भी बन गई थी। उम्मीद जताई गई थी कि विदेश यात्रा से लौटकर सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) के हस्तक्षेप के बाद मामले का पटाक्षेप हो जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जब दुबई में थे तब पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. कोठारी और सिया के चेयरमैन एसएन चौहान के बीच चल रहे विवाद के बीच दफ्तर में ताला लगा दिया गया था। चेयरमैन ने मामले की शिकायत चीफ सेक्रेटरी से की थी।
किसे क्या जिम्मेदारी मिली?
केसी गुप्ता, अपर सचिव
राज्यपाल के अपर सचिव पद से मुक्त कर केसी गुप्ता को अपर मुख्य सचिव, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग में पदस्थ किया गया है।
अमित राठौर, सीनियर IAS
केसी गुप्ता द्वारा कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का प्रभार ग्रहण करने पर अमित राठौर को इस विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वे अब केवल वाणिज्यिक कर विभाग में ही कार्यरत रहेंगे।
अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव
अशोक बर्णवाल वर्तमान में अपर मुख्य सचिव (वन विभाग) और कृषि उत्पादन आयुक्त हैं, उन्हें अब पर्यावरण विभाग, पर्यावरण आयुक्त और एप्को महानिदेशक का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
चन्द्रमौली शुक्ला, अपर मुख्य सचिव
चन्द्रमौली शुक्ला को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अपर सचिव, मुख्यमंत्री का प्रभार भी सौंपा गया है।
दीपक आर्य, सीनियर IAS
दीपक आर्य, जो ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण में सीईओ हैं, को एप्को (EPCO) के कार्यपालन संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
उमा महेश्वरी, सीनियर IAS
दीपक आर्य द्वारा कार्यभार ग्रहण करने पर उमा महेश्वरी, OSD-सह-आयुक्त-सह-संचालक, भारतीय चिकित्सा पद्धति एवं होम्योपैथी से एप्को का प्रभार वापस ले लिया गया है।
क्यों किए गए ये बदलाव?
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश में यह फेरबदल विभिन्न विभागों में कार्य-कुशलता बढ़ाने और शासन व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से किया गया है। इससे पर्यावरण, ग्रामोद्योग और औद्योगिक विकास से जुड़े विभागों में समन्वय और कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है।