राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज: MP में तीसरी सीट पर भाजपा नहीं उतारेगी उम्मीदवार! दिग्विजय सिंह से मिले जीतू पटवारी
सोमवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में पूर्व सीएम और कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह मुलाकात की है. दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात को राजनीतिक जानकार राज्यसभा चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं. क्योंकि राज्यसभा में दिग्विजय सिंह की सीट खाली हुई है. जबकि वह तीसरी बार राज्यसभा जाने से मना कर चुके हैं. ऐसे में नया प्रत्याशी कौन होगा इसको लेकर अभी से मंथन जारी है. क्योंकि राज्यसभा प्रत्याशी के चयन में दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी की भूमिका सबसे अहम हो सकती है.
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सोमवार को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से मुलाकात की है. दोनों नेताओं के बीच हुई यह मुलाकात अहम मानी जा रही है. जिसे राज्यसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है.
Bhopal News: मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गहमागहमी चरम पर पहुंच गई है. सूत्रों के मुताबिक, भाजपा तीसरी सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी. यह फैसला कांग्रेस में कथित ‘तोड़फोड़’ की राजनीति से दूरी बनाकर साफ संदेश देने के उद्देश्य से लिया गया है. भाजपा नेताओं का कहना है कि उनकी पार्टी जिस सीट पर चुनाव लड़ेगी, उस पर जीत हासिल करेगी.
5 लाख परसेंट हमारा कैंडिटेट राज्यसभा जाएगा
उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के निवास पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में अहम बैठक हुई. बैठक में राज्यसभा, पार्टी संगठन और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. जीतू पटवारी ने मुलाकात के बाद कहा, ‘मैं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन लेता रहता हूं. दिग्विजय सिंह जी से कई अहम मुद्दों पर बात हुई.’ उन्होंने जोर देकर कहा, ”5 लाख प्रतिशत हमारा कैंडिडेट राज्यसभा जाएगा.”
भाजपा फेल हो गई: पीसी शर्मा
सूत्रों की मानें तो भाजपा के पास विधायकों की संख्या में सात की कमी बताई जा रही है, जो तीसरी सीट पर उम्मीदवार उतारने की राह में बड़ी बाधा बनी. वहीं, कांग्रेस खेमे में इस खबर से जश्न का माहौल है, लेकिन अंदरखाने हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा, ‘भाजपा ने तोड़फोड़ की कोशिश की, लेकिन स्थितियों को भांपकर वह फेल हो गई’. उन्होंने दावा किया कि अब कांग्रेस में एकजुटता है और टूट नहीं हो पाएगी, इसलिए भाजपा ने तीसरा उम्मीदवार न उतारने का फैसला लिया.
जहां लड़ेंगे वहां जीतेंगे…
वहीं, भाजपा की ओर से नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, ”कांग्रेस के अंदर खींचतान है, कांग्रेस में कोई रहना ही नहीं चाहता.” उन्होंने दावा किया कि भाजपा जिस सीट पर चुनाव लड़ेगी, वहां जीत तय है.
तीसरी सीट पर सियासी गणित तेजी से बदल रहा है. कांग्रेस में उम्मीदवार को लेकर मंथन जारी है और नेता लॉबिंग में जुट गए हैं. सूत्रों के अनुसार विन्ध्य क्षेत्र से नामों की चर्चा हो रही है. इस फैसले को प्रदेश की राजनीति में बड़ा गेमचेंजर माना जा रहा है. राज्यसभा चुनाव को लेकर उठापटक तेज हो गई है. सियासी गलियारों में यह भी चर्चा है कि यदि क्रॉस वोटिंग की कोई गुंजाइश बनी तो समीकरण फिर बदल सकते हैं.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस