मंत्री गौतम टेटवाल पर गंभीर आरोप: शिक्षक को धमकी—‘झूठे केस में फंसवा दूंगा, जान से मरवा दूंगा’, डर के कारण स्कूल जाना भी हुआ मुश्किल
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से मंत्री गौतम टेटवाल द्वारा एक शिक्षक को जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिक्षक ने वीडियो जारी कर मंत्री से जान को खतरा बताया है। शिक्षक ने मामले की शिकायत सीएम डॉ मोहन यादव, मुख्य सचिव, डीजीपी समेत एसपी से की है।
मध्यप्रदेश में एक शिक्षक द्वारा मंत्री गौतम टेटवाल पर लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
राजगढ़ जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक ने प्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेटवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के कन्या शाला स्कूल में पदस्थ शिक्षक सुभाष शर्मा ने आरोप लगाया है कि मंत्री ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। इसके चलते वह भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं और स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। शिक्षक सुभाष शर्मा के अनुसार, उन्होंने आरटीआई के तहत मंत्री गौतम टेटवाल की जाति से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसी बात से नाराज होकर मंत्री ने उन्हें फोन पर धमकाया। शिक्षक का दावा है कि मंत्री ने कहा कि तुमने ही मेरी जाति की शिकायत कराई है, मैं तुम्हें झूठे केस में फंसा दूंगा और जान से मरवा दूंगा। इस कथित धमकी के बाद से शिक्षक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया है कि मंत्री गौतम टेटवाल ने फर्जी अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाण पत्र का उपयोग किया है। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभागों में जानकारी हासिल करने के लिए आवेदन दिया था। उनका कहना है कि इसी शिकायत के चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। डरे-सहमे शिक्षक का कहना है कि उन्हें अपनी जान का खतरा है और कभी भी उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे मानसिक तनाव में हैं और अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी नहीं कर पा रहे हैं।
ये है मामला
मध्यप्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र का आरोप पहले से ही इंदौर हाईकोर्ट में लंबित है। उस मामले में याचिकाकर्ता कौमल प्रसाद शाक्य ने आरोप लगाया था कि टेटवाल ने ‘जिनगर’ समुदाय (ओबीसी) का प्रमाण पत्र बनवाकर चुनाव लड़ा, जबकि उनके पुराने स्कूल रिकॉर्ड में जाति अलग दर्ज है।
अब गौतम टेटवाल पर एक और आरोप लग रहा है। सारंगपुर कन्या शाला के एक शिक्षक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि मंत्री ने उन्हें धमकाया है। उनके अनुसार मंत्री ने कहा कि तुमने ही जाति वाली शिकायत दर्ज कराई है और इसे लेकर उन्हें झूठे केस में फंसवाने और जान से मारने की धमकी दी गई। शिक्षक का कहना है कि ये पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया है।
उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री से की मांग
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि जहां विपक्षी नेताओं पर बिना पर्याप्त प्रमाण के त्वरित कार्रवाई होती है, वहीं सत्ताधारी मंत्री पर आरोपों के बावजूद प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस प्रकरण में मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। दोषी पाए जाने पर मंत्री गौतम टेटवाल पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द की जाए और शिकायतकर्ता शिक्षक को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस