स्लॉटर हाउस में गौमांस पर सरकार का सख्त तेवर मंत्री विश्वास सारंग का अल्टीमेटम: गौकशी पर ऐसी कार्रवाई होगी कि नजीर बनेगी
स्लॉटर हाउस में गौमांस मामले पर मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि गौकशी में शामिल किसी भी दोषी—चाहे व्यापारी हो या अधिकारी—को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के तहत उदाहरण बनाने वाली सख्त कार्रवाई होगी। यदि गौमाता की कटाई सिद्ध होती है तो इसे सामान्य अपराध नहीं, बल्कि हत्या जैसा गंभीर अपराध मानते हुए कड़ी धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा। सरकार गौमाता संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और जांच में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दोषी चाहे व्यापारी हो या अधिकारी, किसी को नहीं मिलेगी राहत—कठोरतम कार्रवाई के निर्देश
भोपाल, स्लॉटर हाउस में गौमांस से जुड़े मामले पर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि गौमांस या गौकशी के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। चाहे व्यापारी हो या अधिकारी, यदि कोई भी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस विषय में स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए हैं। सरकार की मंशा साफ है कि ऐसे मामलों में उदाहरण प्रस्तुत करने वाली कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के अपराध को अंजाम देने की हिम्मत न कर सके।
उन्होंने कहा कि यदि प्रकरण में गौमाता की कटाई सिद्ध होती है, तो उसे सामान्य अपराध नहीं माना जाना चाहिए, बल्कि हत्या का गंभीर अपराध मानते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए। मंत्री विश्वास सारंग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल लोगों को कठोरतम दंड मिलना चाहिए, जिससे समाज में स्पष्ट संदेश जाए।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र है तथा उसके संरक्षण के प्रति सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई न बरती जाए और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस