CM मोहन यादव ने खोला सौगातों का पिटारा, सिवनी मालवा को 1000 करोड़ की सौगात; CM मोहन ने कहा- नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे खोलेगा तरक्की का नया मार्ग
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 अप्रैल को 972.16 करोड़ रुपये की लागत के नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के उन्नयन एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया. इस मार्ग की लंबाई 72.18 किलोमीटर है. इसके अलावा उन्होंने 106.34 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया.
972 करोड़ की लागत से नर्मदापुरम‑टिमरनी स्टेट हाईवे का उन्नयन. सिवनी‑मालवा को 1000 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात. जानिए सीएम मोहन यादव की प्रमुख घोषणाएं.
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 अप्रैल को नर्मदापुरम जिले के सिवनी-मालवा के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया. उन्होंने यहां 972.16 करोड़ रुपये की लागत के नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के उन्नयन एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया. इस मार्ग की लंबाई 72.18 किलोमीटर है. इसके अलावा उन्होंने 106.34 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया. इनमें 48.65 करोड़ रुपये के 45 और 57.69 करोड़ रुपये के 51 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है. इस अवस पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया. उन्होंने उत्पादों की जानकारी ली. हर स्टॉल पर लोगों ने स्वागत में उन्हें फूल दिए. इससे पहले सीएम डॉ. यादव के रोड-शो में जनता ने उनके स्वागत में पलक-पांवड़े बिछाए. ऐसा कोई कोना नहीं था, जहां जनता ने अपने लाड़ले का स्वागत न किया हो. कार्यक्रम से पहले प्रदेश के मुखिया डॉ. यादव ने कन्या पूजन और जनता पर पुष्प वर्षा की.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 21वीं शताब्दी के सबसे बड़े निर्णय नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर लोकसभा में चर्चा की शुरुआत हुई है. इसके माध्यम से देश की विधानसभाओं और लोकसभा में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा. दूसरी ओर, विपक्षी दल दावा कर रहे हैं कि वे नारी वंदन अधिनियम के विरोध में नहीं हैं, लेकिन परिसीमन का विरोध कर रहे हैं. इसी प्रकार उन्होंने पहले तीन तलाक को खत्म करने और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का भी विरोध किया था. विपक्ष अपने फैसलों से लोकतंत्र को लज्जित करने का कार्य करता है.
हम जो कहते हैं, वो करते हैं...
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पहले ही स्थानीय निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत सीटें बहनों के लिए आरक्षित हैं. राज्य सरकार बहनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, हमारी पार्टी जो कहती है, उसे पूरा करती है. प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को अब तक 55 हजार करोड़ से अधिक राशि दी जा चुकी है. लाड़ली बहन योजना की शुरुआत से लेकर अब तक प्रति बहन 40 हजार 500 रुपए से अधिक राशि बहनों के बैंक खातों में आई है. बहनें चिंता न करें, योजना की राशि बढ़कर 1500 रुपए करने के साथ आगे भी जो बन पड़ेगा, करते जाएंगे.
पूरे क्षेत्र को मिलेगा लाभ...
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज सिवनी मालवा को आज 1000 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात मिली है, जिसमें 972 करोड़ से अधिक लागत के 72 किलोमीटर लंबे नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे-67 का उन्नयन एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि-पूजन शामिल है. यह केवल सड़क नहीं है, इससे बेधड़क सीधे इंदौर-उज्जैन तक पहुंचना आसान हो जाएगा. इस स्टेट हाईवे के माध्यम से सिवनी-मालवा नए दौर में प्रवेश करेगा और कनेक्टिविटी का लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा. सिवनी-मालवा में इस सड़क के साथ विकास का सूर्योदय हुआ है. स्टेट हाईवे के साथ सिवनी-मालवा को 106 करोड़ 30 लाख लागत के 96 विकास कार्यों की सौगात मिली है. जिसमें 48 करोड़ 61 लाख की लागत के 45 विकास कार्यों का लोकार्पण और 57 करोड़ 69 लाख की लागत के 51 विकास कार्यों का भूमि-पूजन संपन्न हुआ
बच्चों के लिए नई योजना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नर्मदापुरम के पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह के नाम पर कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी. नर्मदापुरम में नर्मदा लोक भी बन रहा है. राज्य सरकार भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े सभी स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है. प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने और गोपालन को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की शुरू की है. प्रदेश में पहली बार शासकीय स्कूलों के बच्चों को माता यशोदा योजना के अंतर्गत नि:शुल्क दूध के पैकेट बांटे जाएंगे. हमारे बच्चे मानसिक और शारीरिक रूप से तंदुरुस्त बनेंगे.
कमजोर परिवारों को दी जा रही मदद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने कठिन समय में सड़क पर घायलों की मदद के लिए राहवीर योजना शुरू की है, जिसमें घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दे रहे हैं. मुश्किल वक्त में गरीब-जरूरतमंदों की मदद के लिए एयर एम्बुलेंस भी संचालित की जा रही हैं. साथ ही, प्रत्येक जिले में शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे दुख की घड़ी में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अस्पतलों से हर लौटने में कोई परेशानी न हो.
किसान कल्याण सर्वोपरि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने कृषक कल्याण वर्ष 2026 में प्रत्येक विधानसभा में किसान सम्मेलन करने का निर्णय लिया है. गौशालाओं को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है. गौशालाओं के लिए प्रति गाय अनुदान राशि 20 से बढ़ाकर 40 रुपए की है. राज्य सरकार किसानों से दूध खरीद रही है. हमारी सरकार में किसानों के लिए दूध के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है. राज्य सरकार ने प्रदेश में दूध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है. किसानों की आय बढ़ाने के लिए उद्यानिकी, सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति जैसे प्रबंध करते हुए आगे बढ़ रहे हैं. किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप और मात्र 5 रुपए में अस्थाई बिजली कनेक्शन दिए जा रहे हैं. प्रदेशभर में किसानों से गेहूं उपार्जन जारी है. तीसरी फसल के रूप में किसानों को उड़द पर 600 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा.
जनता का भविष्य उज्ज्वल बना रहे सीएम मोहन यादव
पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है. यह इंफ्रास्ट्रक्चर खेती के लिए जरूरी है. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनता का भविष्य उज्ज्वल कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश बदल रहा है.
जनता ने किया अभूतपूर्व स्वागत
सिवनी मालवा पहुंचते ही सीएम डॉ. मोहन यादव का रोड-शो में अभूतपूर्व स्वागत हुआ. जनता उन्हें देखते ही उत्साहित हो गई. लोगों ने कोने-कोने से अपने लाड़ले पर पुष्प वर्षा की. वहीं, सीएम डॉ. मोहन ने भी फूल बरसाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया. रोड शो के बीच में जनता ने उन्हें बड़ी फूल माला भी पहनाई. इस दौरान सारे जहां से अच्छा.., जहां डाल-डाल पर सोने की..., अब के बरस तुझे धरती की रानी कर देंगे.., ऐ वतन-ऐ वतन जाने जां-जानेमन.., जैसे देशभक्ति गीतों से पूरा रोड शो देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया. कोने-कोने में देशभक्त युवाओं की टोलियों हाथों में तरह-तरह के झंडे लिए हुए उत्साह से भरे नजर आ रहे थे. यह रोड शो रेंज ऑफिस चौराहे से शुरू होकर, कल्लू चौक, नर्मदा मंदिर चौक, सराफा बाजार, गांधी चौक, जय स्तंभ चौक होते हुए पुराने बस स्टैंड पर समाप्त हुआ.
सीएम मोहन यादव की प्रमुख घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदा नदी आंवली घाट के हथनापुर गांव में सिंचाई परियोजना के विकसित करने की घोषणा की. इस परियोजना का लाभ क्षेत्र के 40 गांवों के 10 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा. उन्होंने नगरपालिका सिवनी-मालवा में सड़क, सीवेज, बिजली-पानी की मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए विशेष निधि से राशि देने के साथ ही सिवनी-मालवा-शिवपुर बावरी मुख्य मार्ग की मंजूरी एवं पीपलपुरा पुल निर्माण की घोषणा की. बनापुरा के शासकीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की सौगात दी. शिवपुर तहसील मुख्यालय और डोलपुर में सांदीपनि विद्यालय के लिए सर्वे कराने और एक विद्यालय की मंजूरी देने घोषणा की.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस