दिनदहाड़े 8 महीने के मासूम का अपहरण, किडनैपिंग करती संदिग्ध महिला CCTV में कैद
मध्यप्रदेश। इंदौर में एक अनजान महिला ने 8 महीने के बच्चे को अगवा कर लिया। यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। बच्चे के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है। जब यह खबर लोगों तक पहुंची तो महिला को पहचान कर बच्चे को पुलिस के हवाले कर दिया गया। महिला ने बच्चे अपहरण क्यों किया इसे लेकर कोई जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा महिला से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र की है। बच्चा घर पर नहीं दिखा तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो लाल साड़ी पहने हुए एक महिला बच्चे को लेकर जाती हुई दिखाई दी। जब महिला ने बच्चे को चुराया उस समय उसका बड़ा भाई मोबाइल देख रहा था और मां काम में व्यस्त थी।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि, महिला की पहचान भूरी चौरसिया के रूप हुई है। बच्चे की खोज के लिए चार टीमें गठित की गई थी। बच्चे को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है। महिला फिलहाल पुलिस की हिरासत में है।