जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का वाचन सम्पन्न, जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं पहुंचकर किया स्थलीय निरीक्षण.

31 जनवरी 2026 को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का वाचन सफलतापूर्वक किया गया।

जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का वाचन सम्पन्न, जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं पहुंचकर किया स्थलीय निरीक्षण.

मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता पर प्रशासन का विशेष जोर

• आगामी चुनाव से पहले नाम जांचने की आमजन से की गई अपील

उरई । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आलेख्य मतदाता सूची का वाचन कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को अपने नाम, विवरण एवं संभावित त्रुटियों के सुधार के प्रति जागरूक करना रहा। मतदेय स्थलों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया गया, जिसे सुनने हेतु बड़ी संख्या में नागरिकगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। साथ ही मौके पर ही नागरिकों की सुविधा हेतु फॉर्म-6 (नया पंजीकरण), फॉर्म-7 (नाम विलोपन) एवं फॉर्म-8 (संशोधन) पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए गए, जिससे पात्र व्यक्तियों को त्वरित आवेदन की सुविधा प्राप्त हुई। कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी एवं अनुश्रवण के लिए सभी ईआरओ/एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्वयं उपस्थित रहकर टाउन हॉल उरई, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय नया पटेल नगर उरई, नगर पालिका परिषद उरई, शालिग्राम पाठक इंटर कॉलेज कौंच तथा कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज कौंच सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतनता सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने नाम की जांच अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से समय रहते सुधार कराएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे।