मतदाता सूची विशेष अभियान कल रविवार को, सभी बूथों पर बीएलओ पढ़कर सुनाएंगे नामावली
मतदाता सूची विशेष अभियान के तहत कल रविवार, 18 जनवरी 2026 को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों 219-माधौगढ़, 220-कालपी और 221-उरई (अ.जा.) के सभी बूथों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे।
18 जनवरी को सभी बूथों पर बीएलओ रहेंगे मौजूद, नाम जांच व संशोधन के लिए विशेष अभियान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 06 जनवरी 2026 को किया गया है। आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार जनपद में मतदाताओं की कुल संख्या 10,85,501 है, जिसमें 6,00,001 पुरुष, 4,85,448 महिला एवं 52 अन्य मतदाता शामिल हैं। सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि माननीय निर्वाचन आयोग द्वारा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए जाने की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। उक्त अवधि में 17 जनवरी 2026 (शनिवार), 18 जनवरी 2026 (रविवार), 31 जनवरी 2026 (शनिवार) एवं 01 फरवरी 2026 (रविवार) को विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई हैं। उक्त निर्देशों के क्रम में कल दिनांक 18 जनवरी 2026 (रविवार) को जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों यथा 219-माधौगढ़, 220-कालपी एवं 221-उरई (अ0जा0) के सभी मतदेय स्थलों पर बी०एल०ओ० प्रातः 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे तथा मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे। विशेष अभियान तिथियों पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जहां मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही सभी आवश्यक फार्म यथा फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित), फार्म-7 एवं फार्म-8 (घोषणा पत्र सहित) पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।
अभियान के दौरान मतदाताओं से अपील की जाती है कि वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में सम्मिलित नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है तो संबंधित बी०एल०ओ० के पास फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित) जमा करें अथवा भारत निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
जनसामान्य की सुविधा हेतु जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका टोल फ्री नंबर 1950 एवं बेसिक नंबर 05162-250288 है। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन कार्यालय तथा तहसील स्तर पर तहसील कार्यालयों में भी हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। मतदाता Voter Helpline App अथवा https://voters.eci.gov.in/ पर उपलब्ध Book a Call With BLO विकल्प के माध्यम से भी अपने बी०एल०ओ० से संपर्क कर किसी भी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस