महाकाल मंदिर के बाहर सनसनी: पिता ने बेटी पर किया चाकू से हमला, घायल बोली– 5 लाख में शादी कर बेचने की बात करता था; 16 साल पहले छोड़ गया था
उज्जैन में शुक्रवार सुबह महाकाल मंदिर के बाहर युवती पर उसके ही पिता ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को लोगों की मदद से चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
घायल वर्षा ने बताया कि उसके पिता एक रिश्तेदार के साथ आए थे और कह रहे थे कि उसकी शादी नहीं करेंगे बल्कि उसे 5 लाख रुपए में बेच देंगे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आकर उन्होंने चाकू से हमला कर दिया।
उज्जैन। शुक्रवार सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाहर गेट नंबर-1 के पास एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां रुद्राक्ष माला और धार्मिक सामग्री बेचने वाली 18 वर्षीय युवती वर्षा पर उसके ही पिता वरसना ने चाकू से हमला कर दिया। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुए इस हमले से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत युवती को बचाया और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
मां के साथ रहती है युवती
घायल वर्षा पारदी समुदाय से है और महाकाल क्षेत्र में अपनी मां मानाबाई के साथ धार्मिक सामग्री बेचकर गुजर-बसर करती है। दोनों कार्तिक मेला ग्राउंड में बने डेरे में रहती हैं। मां के मुताबिक आरोपी पिता करीब 16 साल पहले परिवार को छोड़कर चला गया था और अब बेटी के बड़ी होने पर फिर से संपर्क में आया।
5 लाख में शादी तय करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि पिता ने बेटी की शादी 5 लाख रुपए में तय कर दी थी और कई दिनों से इस बात का दबाव बना रहा था। मां-बेटी इस शादी के खिलाफ थीं। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और शुक्रवार सुबह आरोपी ने गुस्से में आकर बेटी पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने शुरू की तलाश
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि पारदी परिवार के बीच आपसी विवाद के चलते यह घटना हुई है। पिता ने बेटी को चाकू मारकर घायल कर दिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस