अपहरण के बाद बर्बरता : बदमाशों ने युवक को 2 घंटे तक बेल्ट-डंडों से पीटा,: बहन को कॉल कर कहा- एक्सीडेंट हो गया; दुश्मन से दोस्ती रखने का लिया बदला
भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में गार्मेंट्स शॉप में काम करने वाले एक युवक का अपहरण कर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसे कार में जबरन बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाकर करीब दो घंटे तक बेल्ट, डंडों और लात-घूसों से पीटा।
कार से अगवा कर युवक की बेरहमी से पिटाई: 2 घंटे तक बेल्ट-डंडों से हमला, बेहोश होने पर अस्पताल छोड़ भागे
भोपाल। शहर के कोलार थाना इलाके में एक युवक का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। बदमाश युवक को जबरन कार में बैठाकर सुनसान इलाके में ले गए और करीब दो घंटे तक बेल्ट, डंडों और लात-घूसों से मारपीट की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कार में बैठाकर सुनसान इलाके में ले गए
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय दिनेश अहिरवार कोलार इलाके की एक गारमेंट्स दुकान में सेल्समेन का काम करता है। दिनेश ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च की दोपहर करीब 1 बजे वह बांसखेड़ी पुलिया के पास पैदल जा रहा था। तभी निक्की शुक्ला, आकाश प्रजापति, तिलक चौहान, दिव्यांशु, नन्नू, अजय और अमन प्रजापति ने उसे रोक लिया और जबरन कार में बैठाकर सोम्या ग्रीन सिटी कॉलोनी के पास एक सुनसान जगह ले गए।
रंजिश के चलते की मारपीट
दिनेश के मुताबिक आरोपियों की इलाके के ही रहने वाले विशु शर्मा से पुरानी रंजिश चल रही है। दिनेश की विशु से दोस्ती होने के कारण वह अक्सर उसके साथ रहता था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसे धमकाया और कहा कि विशु से संबंध रखने का अंजाम उसे भी भुगतना पड़ेगा। इसके बाद सभी ने मिलकर डंडों, बेल्ट और लात-घूसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी।
बेहोश होने पर अस्पताल पहुंचाया
करीब दो घंटे तक पिटाई करने के बाद दिनेश बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसे अपने साथी अनस खान के साथ अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने के बाद आरोपियों ने दिनेश के मोबाइल से उसकी बहन शिवानी अहिरवार को फोन कर कहा कि दिनेश का एक्सीडेंट हो गया है और उसे गंभीर चोट आई है, इसलिए तुरंत अस्पताल आ जाएं।
परिवार पहुंचा तो खुला मामला
फोन मिलने के बाद शिवानी अपनी मां गीता और बहन निकिता के साथ अस्पताल पहुंची। वहां दिनेश के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले। उसके हाथ की दो उंगलियों में फ्रैक्चर है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
मामले में कोलार थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस