मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा, नोटिसों की सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश
उरई कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। जनपद में 2,19,442 नोटिसों में से 90.73% मतदाताओं को तामील कराए जा चुके हैं और 79.90% नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। अधिकारियों को शेष नोटिसों की सुनवाई में तेजी लाकर कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बताया गया कि प्राप्त फार्म-6, 7 और 8 के सभी प्रपत्रों का निस्तारण 27 मार्च 2026 तक किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, 2.19 लाख नोटिसों में 79.90% की सुनवाई पूरी; शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश।
उरई । अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष प्रागढ संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत नोटिसों की सुनवाई एवं प्रगति की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार के साथ जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जनपद में कुल 2,19,442 नोटिस के सापेक्ष 100 प्रतिशत नोटिस जनरेट किए जा चुके हैं। इनमें से 1,99,098 (90.73 प्रतिशत) नोटिस संबंधित मतदाताओं को तामील कराए जा चुके हैं। विधानसभा क्षेत्र माधौगढ़ में 63,031 (90.80 प्रतिशत), कालपी में 64,266 तथा उरई में 71,801 नोटिस तामील कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त अब तक 1,75,338 (79.90 प्रतिशत) नोटिसों की सुनवाई की जा चुकी है। विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति के अनुसार माधौगढ़ में 57,430 (82.73 प्रतिशत), कालपी में 55,993 (77.16 प्रतिशत) तथा उरई में 61,915 (79.94 प्रतिशत) मतदाताओं के नोटिसों की सुनवाई की गई है। समीक्षा के दौरान कुछ अधिकारियों द्वारा बेहतर कार्य किए जाने की सराहना की गई, जबकि जिन अधिकारियों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई उन्हें नोटिसों की सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। निर्देशित किया गया कि शेष नोटिसों का त्वरित निस्तारण करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि दावे एवं आपत्तियों की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 मार्च 2026 तक कुल 40,170 फार्म-6, 2,367 फार्म-7 तथा 9,662 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं। प्राप्त सभी प्रपत्रों का परीक्षण कर उनका निस्तारण 27 मार्च 2026 तक किया जाएगा।
बैठक में समस्त उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस