राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में लगेगा मेगा विधिक सेवा शिविर, आमजन को एक ही छत के नीचे कई सुविधाएं

गरीब, वंचित और जरूरतमंदों को मिलेगा सीधा लाभ, उरई में मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन

राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में लगेगा मेगा विधिक सेवा शिविर, आमजन को एक ही छत के नीचे कई सुविधाएं

मेगा विधिक सेवा शिविर से आमजन को मिलेगा न्याय व योजनाओं का लाभ

 22 फरवरी को मेडिकल कॉलेज उरई में एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी कई सुविधाएं

उरई । आम नागरिकों को न्यायिक सहायता के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 22 फरवरी 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर आज  जनपद न्यायाधीश  विरजेन्द्र कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में बैठक कर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस मेगा शिविर के माध्यम से गरीब, वंचित, महिला, वृद्ध, दिव्यांग एवं जरूरतमंद वर्ग के लोगों को विधिक परामर्श, विवाद समाधान, लोक अदालत संबंधी जानकारी तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्रदान किया जाएगा।
 जनपद न्यायाधीश ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। इसके लिए जनपद के सभी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपनी योजनाओं की अद्यतन सूची समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं, ताकि शिविर को व्यवस्थित, सुचारु एवं जनोपयोगी बनाया जा सके।
बैठक में अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी सतीश चन्द्र द्विवेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे, सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी प्रथम सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।