रायसेन नगर पालिका की बड़ी लापरवाही उजागर शहर में जगह-जगह खुली नालियां, जानवरों और बच्चों की जान खतरे में

रायसेन नगर पालिका परिषद की लापरवाही से शहर में कई जगह नालियां खुली पड़ी हैं। इनसे बच्चों और जानवरों के गिरने की घटनाएं हो रही हैं। शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी है और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

रायसेन नगर पालिका की बड़ी लापरवाही उजागर शहर में जगह-जगह खुली नालियां, जानवरों और बच्चों की जान खतरे में

कमलेश राजपूत 

खुली नालियों से बढ़ा हादसों का खतरा, नगर पालिका की अनदेखी पर भड़के नागरिक

रायसेन। नगर पालिका परिषद की घोर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। शहर के कई वार्डों में नालियां खुली पड़ी हैं, जिन पर न तो ढक्कन हैं और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। इन खुली नालियों के कारण आए दिन जानवरों और मासूम बच्चों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे नगरवासियों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर पालिका को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, क्योंकि पानी भरने से नालियों का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

शहरवासियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। लोगों की मांग है कि तत्काल सभी खुली नालियों को ढका जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

यदि समय रहते नगर पालिका ने ध्यान नहीं दिया तो कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह है कि नगर प्रशासन कब जागता है और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है।