पार्टी नेतृत्व के लिए कार्यकर्ता सर्वोपरि, उनकी सहभागिता ही संगठन की मूल शक्ति : गोविंद सिंह राजपूत, भाजपा कार्यालय पर खाद्य मंत्री ने सुनी कार्यकर्ताओं की समस्याएं, मौके पर किया समाधान
प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर समाधान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहल से मंत्रियों का पार्टी कार्यालय में बैठना कार्यकर्ता-केन्द्रित और दूरदर्शी कदम
भाजपा कार्यालय में मंत्री-कार्यकर्ता संवाद से समस्याओं का त्वरित समाधान, संगठन को मिलेगी नई मजबूती
भोपालप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत गुरुवार को कार्यकर्ताओं से संवाद करने और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे । संगठन ने तय किया है कि सोमवार से शुक्रवार तक एक-एक मंत्री प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठेंगे और भाजपा के कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनेंगे । इसी कड़ी में गुरूवार को खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भाजपा कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना । खाद्य मंत्री ने मौके पर ही कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान किया।
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुरु हुई नई पहल को लेकर कहा, ये अच्छी शुरुआत है। वैसे भी हम वल्लभ भवन से लेकर निवास और क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से मिलते हैं लेकिन जो कार्यकर्ता ये नहीं जानता कि कहां जाए। वो जब भाजपा मुख्यालय आएगा तो उसे कम से कम एक मंत्री तो मिलेगा जहां वो अपनी शिकायत दर्ज करा सके। मैं नियमित रूप से सागर में हर सोमवार और गुरूवार को कार्यकर्ता और आमजन से मुलाकात करता हूं।
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त व संवेदनशील बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी और कार्यकर्ता-केन्द्रित पहल की है। पार्टी की रीढ़ माने जाने वाले देवतुल्य कार्यकर्ताओं की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से राज्य सरकार के सभी मंत्रियों को पार्टी मुख्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं से संवाद करने की व्यवस्था की है। इस पहल के तहत मंत्रीगण सीधे कार्यकर्ताओं की बात सुन कर उनकी समस्याओं के त्वरित, व्यावहारिक एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कर रहे हैं।
श्री राजपूत ने कहा कि यह व्यवस्था संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक प्रभावी माध्यम बनेगी, जिससे नीतियों और योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक अधिक सुचारु रूप से पहुँच सकेगा। उन्होंने कहा कि श्री खंडेलवाल का यह प्रयास यह संदेश देता है कि पार्टी नेतृत्व के लिए कार्यकर्ताओं की बात सर्वोपरि है और उनकी उपेक्षा नहीं, बल्कि सहभागिता ही संगठन की मूल शक्ति है।
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सीधे मंत्रियों से संवाद का अवसर मिलने से उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और अनावश्यक प्रक्रियात्मक विलंब से भी राहत मिलेगी। यह पहल
संगठनात्मक अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने में भी सहायक सिद्ध होगी।
संगठन गढ़ने की यह पहल एक प्रभावी मॉडल बनेगी :
संगठन गढ़ने की यह पहल पार्टी के लिए एक प्रभावी मॉडल के रूप में स्थापित होगी। देवतुल्य कार्यकर्ताओं के मनोबल, आत्मविश्वास और सक्रियता को बढ़ाने में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा। श्री खंडेलवाल का यह संगठनात्मक प्रयास पार्टी के भीतर विश्वास, संवाद और समर्पण की संस्कृति को और अधिक मजबूत करने वाला है।
श्री राजपूत ने कहा कि हम कोशिश करेंगे कि यथासंभव कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान हो सके। जिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाएगा उन्हें सूचीबद्ध करके संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। उसका फॉलोअप भी लेंगे। कोई काम अगर असंभव है, तो वो भी जानकारी देंगे और अगर हो जाता है तो उसकी भी जानकारी देंगे।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस