भाजपा सरकारों में दलितों पर अत्याचार चरम पर : सुश्री संगीता शर्मा
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य सुश्री संगीता शर्मा ने भाजपा सरकारों पर दलित और पिछड़ा वर्ग विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां दलितों पर अत्याचार और अपमान की घटनाएं बढ़ रही हैं। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में दलित युवक को ब्राह्मण के पैर धोकर पानी पीने के लिए मजबूर करने और लखनऊ में दलित बुजुर्ग के साथ हुई हैवानियत जैसी घटनाएं भाजपा के दलित विरोधी चरित्र को उजागर करती हैं।
भाजपा शासन में बढ़ रहे दलित अत्याचारों पर कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा का हमला, कहा – भाजपा मूलतः दलित और पिछड़ा वर्ग विरोधी पार्टी
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य सुश्री संगीता शर्मा ने कहा है कि भाजपा चाहे जितना पिछड़े वर्ग और दलित समाज की हितैषी होने का दिखावा करे, पर सच यह है कि भाजपा मूलतः पिछड़ा और दलित विरोधी पार्टी है। जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां पिछड़ों और दलितों पर अत्याचार और अपमान की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
सुश्री शर्मा ने कहा कि हाल ही में मध्यप्रदेश के दमोह जिले के सतारिया गांव में एक दलित युवक को एक ब्राह्मण के पैर धोकर उसका पानी पीने को मजबूर किया गया । यह घटना भाजपा सरकार के दलित विरोधी चरित्र को उजागर करती है। परंतु दुख की बात यह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार इस अमानवीय घटना पर मौन साधे बैठी रही।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 70 वर्षीय दलित बुजुर्ग के साथ हुई हैवानियत जिसमें उन्हें जाति की वजह से पेशाब चाटने को मजबूर किया गया और अपमानित किया गया। यह घटना पूरे देश के लिए शर्मनाक है। परंतु उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी आंखें मूंदे बैठी है।
सुश्री शर्मा ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा की डबल इंजन सरकार में दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग केवल अपमानित होने के लिए ही जन्मा है? भाजपा के नेताओं को श्रीराम के नाम पर ढोंग करने से पहले उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए, क्योंकि श्रीराम ने सदैव समाज के शोषित और वंचित वर्ग का सम्मान किया था, जबकि भाजपा शासन में इन्हीं वर्गों का सबसे अधिक अपमान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की आवाज बनकर खड़ी रही है और आगे भी ऐसे अत्याचारों के खिलाफ सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस