सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना जल्द होगी लागू,  सड़क हादसों में होने वाली मृत्यु दर कम करना योजना का मुख्य उद्देश्य – सीओ ट्राफिक

उरई में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित व बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार की “सड़क दुर्घटना पीड़ितों की कैशलेस उपचार योजना” जल्द लागू की जाएगी। योजना के तहत दुर्घटना की तिथि से अधिकतम 7 दिन तक प्रति दुर्घटना 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार सरकारी व निजी अस्पतालों में मिलेगा।

सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना जल्द होगी लागू,   सड़क हादसों में होने वाली मृत्यु दर कम करना योजना का मुख्य उद्देश्य – सीओ ट्राफिक

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा कैशलेस इलाज

7 दिन तक 1.5 लाख रुपये का निःशुल्क उपचार

समय पर इलाज से घटेगी सड़क हादसों में मौतें

सरकारी व निजी अस्पतालों में मिलेगी सुविधा

उरई । सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सड़क परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी “सड़क दुर्घटना पीड़ितों की कैशलेस उपचार योजना” को शीघ्र लागू किया जाएगा। इस योजना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय सीओ ट्राफिक उरई, जालौन द्वारा सोमवार को एनआईसी कार्यालय से गूगल मीट के माध्यम से किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीओ ट्राफिक अर्चना सिंह ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक पीड़ित को दुर्घटना की तिथि से अधिकतम 07 दिवस तक प्रति दुर्घटना 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों दोनों में प्राप्त की जा सकेगी।

समय पर इलाज से बचेगी अनमोल जान

कार्यक्रम में टी.आई. ट्राफिक वीर बहादुर ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के बाद समय पर इलाज न मिलने से होने वाली मौतों को रोकना है। उन्होंने कहा कि अक्सर दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति के परिजन या परिचित मौजूद नहीं होते हैं, जिससे आर्थिक अभाव के कारण इलाज में देरी हो जाती है। यह योजना ऐसी परिस्थितियों में घायल व्यक्ति के लिए जीवन रक्षक सिद्ध होगी।

मोटर वाहन से होने वाली सभी दुर्घटनाओं पर लागू

टी.आई. ट्राफिक ने बताया कि यह योजना मोटर वाहन के उपयोग से होने वाली सभी सड़क दुर्घटनाओं पर लागू होगी। किसी भी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति, योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार, कैशरहित उपचार प्राप्त कर सकेगा।

पायलट प्रोजेक्ट में मिले सकारात्मक परिणाम

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में देश के कुछ क्षेत्रों में इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट संचालित किया गया है, जिसमें उत्साहजनक एवं सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। आगामी दिनों में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस योजना को सम्पूर्ण भारत में लागू किया जाएगा।

एनएचएआई अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनएचएआई जालौन से सजल गुप्ता (DIO), पंकज कुमार (ADIO) एवं प्रवीण कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को योजना के क्रियान्वयन, प्रक्रिया एवं लाभार्थियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

अंत में अधिकारियों ने अपेक्षा व्यक्त की कि यह योजना लागू होने के उपरांत सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर बेहतर उपचार मिलेगा, जिससे मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आएगी।