इजराइल-ईरान जंग : कतर में फंसी मनीषा लौटी भारत, पति ने सीएम मोहन से लगाई थी मदद की गुहार
ईरान-इजराइ जंग के बीच कतर में हुए हवाई हमलों के बाद दोहा में फंसी एमपी में रहने वाली मनीषा भटनागर भारत लौट आई हैं। उनके पति की गुहार पर सीएम मोहन यादव ने संज्ञान लिया था।

ईरान और इजराइल के बीच चली जंग में ईरान द्वारा कतर में स्थित अमेरीकी सेन्य ठिकाने पर हवाई हमले किए गए, जिसके चलते कतर में हालात चिंताजनक हैं। ऐसे में अन्य भारतीयों की तरह जंग के बीच कतर के दोहा में मध्य प्रदेश के उज्जैन की रहने वाली महिला मनीषा भटनागर भी फंस गई थी, जिन्हें लेकर अभी-अभी अपडेट सामने आया है कि, मनीषा भारत लौट आई हैं। आपको बता दें कि, मनीषा के पति रजन भटनागर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनकी पत्नी को वापस लाने की व्यवस्था बनाने की गुहार लगाई थी, जिसपर सीएम ने उन्हें मीषा के वापस लौटने का आश्वासन दिया था।
मनीषा कतर एयरवेज में सीनियर केबिन क्रू मेंबर हैं और पिछले 3 साल से कतर में ही रह रही हैं। वहीं, उनका परिवार उज्जैन के नानाखेड़ा के अभिषेक नगर में रहता है। मनीषा के पति रजत भटनागर सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उन्होंने ही अपनी पत्नी के सकुशल घर लौटने को लेकर सीएम मोहन से मदद की गुहार लगाई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत ही उनकी हर संभव मदद का भरोसा दिलाकर गृहमंत्री अमित शाह से मामले पर चर्चा की थी।
तनावपूर्ण हालातों के बीच कतर में फंसी मनीषा के पति रजत भटनागर ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा था कि, सोमवार रात को पत्नी का फोन आया था। वो बेहद घबराई हुई थी। उसने बताया कि, उसके आसपास के क्षेत्रों में मिसाइल अटैक हो रहे हैं। घर के पास आवाजें आ रही हैं। पति ने बताया कि, इसके बाद हमने न्यूज चैनल लगाया तो देखा कि, कतर में अमेरिका के सैन्य बेस पर ईरान ने हमला कर दिया। हालात को मद्देनजर रखते हुए जब रजत ने दोबारा पत्नी को फोन किया तो उससे संपर्क नहीं हुआ। इसपर मनीषा का पूरा परिवार चिंतित हो गया।
दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची मनीषा
रजत के अनुसार, जब पत्नी से संपर्क नहीं हुआ तो युवा मोर्चा के एक नेता से बात की। उन्होंने हमारी बात सीएम तक पहुंचाई। इसके बाद सीएम ने तुरंत एक्शन लेते हुए सबसे पहले हमें आश्वस्त किया कि, कतर में स्थिति सामान्य है। वहीं, मनीषा से मंगलवार देर शाम संपर्क भी हो गया था, जिससे स्पष्ट हो गया था कि, वो जल्द उज्जैन लौटेंगी और कुछ मिनट पहले सूचना सामने आई है कि, मनीषा भटनागर का विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर लेंड हो चुका है। संभवत: कुछ देर में वो अपने गृहनगर उज्जैन के लिए रवाना होंगी।
सीएम ने अमित शाह से की बात
बता दें कि, मामला सामने आने के बाद सीएम मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की थी। उन्होंने शाह से महिला की सकुशल वापसी के लिए सहयोग का अनुरोध किया था। उन्होंने अफसरों को भी केंद्र सरकार से संपर्क में रहकर महिला की वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। वहीं, अब रजत का कहना है कि, पत्नी भारत लौट आई है। इसके पीछे केंद्र और राज्य सरकार का बड़ा सहयोग रहा है। रजत ने स्थानीय प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।