न्यायिक अधिकारियों का औचक निरीक्षण: वृद्धाश्रम और आश्रय गृह की व्यवस्थाएं परखी, दिए आवश्यक निर्देश

उच्च न्यायालय के निर्देश पर 26 फरवरी 2026 को उरई में न्यायिक अधिकारियों ने राठ रोड स्थित वृद्धाश्रम और लहरियापुरवा के आश्रय गृह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रहन-सहन, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। वृद्धाश्रम में 112 संवासी मिले और भोजन व चिकित्सा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

न्यायिक अधिकारियों का औचक निरीक्षण: वृद्धाश्रम और आश्रय गृह की व्यवस्थाएं परखी, दिए आवश्यक निर्देश

न्यायिक अधिकारियों ने दो शेल्टर होम का किया बारीकी से निरीक्षण

उरई । उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार दिनांक 26.02.2026 को न्यायिक अधिकारियों ने जिले में संचालित दो शैल्टर होम राठ रोड में संचालित ‘‘वृद्धाश्रम‘‘ एवं मु० लहरियापुरवा स्थित ‘‘आश्रय-गृह‘‘ का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बहुत बारीकी से व्यवस्थाओं को परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश भी कर्मचारीगण को दिये। न्यायिक अधिकारियों ने उक्त दोनों आश्रय स्थलों में रह रहे आश्रितों के रहन-सहन, खानपान, चिकित्सा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और बुनियादी व्यवस्थाओं को जांचा-परखा।

सबसे पहले समाज कल्याण विभाग द्वारा राठ रोड उरई में स्वैच्छिक संस्था शिवा ग्रामोत्थान सेवा संस्था, एफ-473 गुजैनी रतनलाल नगर, कानपुर नगर के सहयोग से संचालित वृद्धाश्रम में निरीक्षण के दौरान 112 संवासी उपस्थित मिले। उपस्थित पंजिका के अनुसार रात्रिकालीन कर्मचारीगण एवं प्रबन्धक को छोड़कर सभी कर्मचारीगण उपस्थित मिले। प्रबन्धक के बारे में पूछे जाने पर बताया गया कि प्रबन्धक सन्दीप सिंह के पिता जी की तबीयत खराब होने के कारण वह अपने गृह जनपद गये हुये हैं।

वृद्धाश्रम की संवासियों से पूछा गया कि उन्हे चाय-नाश्ता और सुबह-शाम का भोजन समय से मिल रहा है या नहीं, इस पर संवासियों द्वारा बताया गया कि भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार मिल रहा हैं। वृद्धाश्रम की मेडिकल डिस्पेंसरी का निरीक्षण करने पर स्टाफ नर्स उपस्थित मिली, जिनसे संवासियों की चिकित्सा/ प्राथमिक उपचार हेतु डिस्पेन्सरी में आवश्यक दवाओं के बारे में जानकारी ली गयी। पूछे जाने पर किसी भी संवासी द्वारा कोई समस्या नहीं बताई गई।

इसके उपरान्त नगर पालिका परिषद उरई जनपद जालौन के सहयोग से मु० लहरियापुरवा में लखनऊ के एन०जी०ओ० द्वारा संचालित आश्रय गृह (शेल्टर होम) में न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न बिन्दुओं पर जांच-पड़़ताल की। निरीक्षण समय में प्रबन्धक सहित समस्त कर्मचारीगण उपस्थित मिले। मेडिकल डिस्पेंसरी का निरीक्षण करने पर समस्त दवायें सही तथा व्यवस्थित पायी गयी। यहां की आश्रित पंजिका में निरीक्षण तिथि में 03 आश्रित पंजीकृत मिले तथ एस०डी०आर०एफ० की टीम आश्रय गृह में रुकी थी, जिसके बारे में प्रबन्धक द्वारा बताया गया कि यह टीम ए०डी०एम० जालौन के अग्रिम आदेश तक के लिये यहां रुकवायी गयी हैं।

निरीक्षण करने वाली इस अनुश्रवण समिति में अपर जिला जज प्रथम श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अभिषेक खरे एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शाम्भवी-। शामिल रही तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन स्थान उरई के लिपिक श्री शुभम् शुक्ला उपस्थित रहे।