अकोदिया में करोड़ों की चोरी का खुलासा न होने पर फूटा जनआक्रोश, महाराणा प्रताप चौराहे पर लगा जाम-पुलिस प्रशासन के खिलाफ नागरिकों का प्रदर्शन, एक माह बाद भी नहीं मिला सुराग
अकोदिया नगर में एक माह पहले हुई करोड़ों रुपये की चर्चित चोरी का खुलासा नहीं होने पर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। नागरिकों ने महाराणा प्रताप चौराहे पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। 12 मई 2026 को पूर्व पार्षद राहुल मंडलोई के घर से करीब 32.50 लाख रुपये नकद और लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
अजय राज केवट माही
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस, भोपाल (मध्य प्रदेश)
शाजापुर,अकोदिया नगर में एक माह पूर्व हुई करोड़ों रुपये की चर्चित चोरी का खुलासा नहीं होने से रविवार को नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग नगर के महाराणा प्रताप चौराहे पर एकत्रित हुए और सड़क पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 12 मई 2026 को नगर के पूर्व पार्षद लौकेन्द्र सिंह उर्फ राहुल मंडलोई के निवास पर हुई बड़ी चोरी की घटना को एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल नहीं हो सकी है। इस चोरी में लगभग 32 लाख 50 हजार रुपये नकद तथा करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की जानकारी सामने आई थी।
जनता ने उठाए पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल
प्रदर्शन में शामिल नागरिकों ने कहा कि इतनी बड़ी चोरी के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई या खुलासा नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, दिया कार्रवाई का आश्वासन
जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने मामले में जांच तेज करने तथा जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात व्यवस्था बहाल की गई।
नगर में बढ़ रही असुरक्षा की भावना
घटना के बाद से नगरवासियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। नागरिकों का कहना है कि यदि इतनी बड़ी चोरी का खुलासा समय पर नहीं होता है तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। लोगों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर चोरी का पर्दाफाश करने की मांग की है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस