जनपद में होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूर्ण, डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण-25 से 27 अप्रैल तक दो पालियों में होगी परीक्षा, 9 केंद्रों पर कड़ी निगरानी और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
उरई में होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और एसपी विनय कुमार सिंह ने 9 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। 25 से 27 अप्रैल 2026 तक होने वाली इस परीक्षा में दो पालियों में अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी, फ्रिस्किंग, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
25 से 27 अप्रैल तक दो पालियों में होगी परीक्षा
9 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था
डीएम-एसपी ने विभिन्न केंद्रों का किया निरीक्षण
सीसीटीवी, फ्रिस्किंग और मूलभूत सुविधाओं के निर्देश
उरई । होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आचार्य नरेन्द्र देव इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज तथा गांधी इंटर कॉलेज में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, परीक्षार्थियों की बैठने की योजना और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, छाया और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सभी अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग और सीसीटीवी निगरानी के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी, जिसमें प्रथम पाली सुबह 10:00 से 12:00 बजे तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक संचालित की जाएगी। जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सजगता और ईमानदारी से करें, ताकि यह परीक्षा जनपद में निष्पक्ष और आदर्श रूप में संपन्न हो सके।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस