पाकिस्तानी नागरिकों पर MP सरकार सख्त : सीएम डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को दिए निर्देश, बोले- इन्हें तुरंत बाहर करें…
पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के केंद्र सरकार के निर्देश के बाद मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार एक्शन में आ गई है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।

भोपाल: Pakistani Visa Ban MP Update: पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के आदेश के बाद मध्यप्रदेश की मोहन सरकार एक्शन में आ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार देर रात पुलिस मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और राज्य में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा की मध्यप्रदेश में पाकिस्तानी वीजा धारक नागरिकों की पहचान करके केंद्र सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि दीर्घकालिक वीजा, राजनयिक वीजा और आधिकारिक वीजा धारकों के अलावा सभी पाकिस्तानी नागरिकों को प्रदेश से बाहर करने के लिए अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के पालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अध्ययन करने वाले जम्मू-कश्मीर के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात की और सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रदेश के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 27 अप्रैल से सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने का फैसला लिया था। शुक्रवार को उन्होंने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कहा था कि 27 अप्रैल की समयसीमा के बाद कोई भी पाकिस्तानी नागरिक भारत में न रहे और सभी राज्य पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें समय सीमा के भीतर देश छोड़ने को कहें।
मध्यप्रदेश में कुल 228 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की गई है जिन्हें भारत छोड़ने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक के बाद कहा की हमने राज्य में उन सभी पाकिस्तानी वीजा धारकों को बाहर निकालने की तैयारी कर ली है जो दीर्घकालिक वीजा के अलावा अन्य वीजा पर हैं। आज हमने इस दिशा में निर्देश जारी किए हैं और सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी की हिदायत
डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारियों को लेकर भी चिंता जताई और निर्देश दिए कि सभी जिलों में स्थापित सोशल मीडिया सेल सतर्क रहें। किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक कंटेंट पर तुरंत प्रतिक्रिया देकर सही जानकारी साझा की जाए और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाए।