जीतू पटवारी ने किया बड़ा दावा,इंदौर में दूषित पानी से हुए मौत के आंकड़ों पर उठाए सवाल, बोले-17 नहीं, 30 से ज्यादा मौतें हुईं

इंदौर में दूषित पानी से मौत के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए पीपीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि इंदौर में दूषित पानी से हुई मौत के आकंड़ों में हेराफेरी की गई है और मौत के असली आंकड़े छुपाए जा रहे हैं. पटवारी ने दावा किया है कि इंदौर में मौत को लेकर आधिकारिक दावे गलत हैं.

जीतू पटवारी ने किया बड़ा दावा,इंदौर में दूषित पानी से हुए मौत के आंकड़ों पर उठाए सवाल, बोले-17 नहीं, 30 से ज्यादा मौतें हुईं

इंदौर में दूषित पानी से मौत से जुड़े आंकड़ों को लेकर कांग्रेस नेता जीतू पटवारी भड़के हुए हैं। उन्होंने बड़ा दावा किया कि मौत की संख्या 17 नहीं, 30 से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि हर घर का सर्वे कराया जाए, तो असलियत सामने आएगी।

भोपाल. मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में दूषित पानी से बढ़ रहे मौत के आंकड़े पर कहा कि अब तक 17 नहीं बल्कि 30 मौतें हो चुकी हैं. सरकार के भ्रष्टाचार के कारण लोगों की मौत हो रही है. सरकार मौत के आंकड़ों में हेराफेरी कर रही है. हमारे नेताओं को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा क्योंकि पोल खुल जाएगी. सरकार का आंकड़ा है कि इंदौर में एक व्यक्ति पर पानी का खर्च 10 हजार रुपये है, फिर भी जनता को सही पानी नहीं मिल रहा है. उन्होंने कहा कि वह जनता से अपील करते हैं कि 11 जनवरी को कांग्रेस के साथ निकाले जा रहे मार्च में शामिल हों. उस दिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी इंदौर आ सकते हैं.

देवास में एसडीएम आनंद मालवीय को सस्पेंड करने पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि जो सच बोल रहा है, उसपर कार्रवाई कर रहे हैं. यह तानाशाही है. एसडीएम ने सही लिखा, तो उसको सस्पेंड कर दिया. सरकार तानाशाही पर उतर आई है. मनरेगा का नाम बदलने और किसान न्याय यात्रा पर उन्होंने कहा कि हम केंद्रीय कृषि मंत्री के क्षेत्र से किसान न्याय यात्रा निकाल रहे हैं. वह किसान के बेटे हैं. अगर वह किसानों के लिए आवाज नहीं उठाएंगे, तो कौन उठाएगा. शिवराज सिंह चौहान जी अगर किसानों को उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिलेगा, तो हम सड़क पर ही मिलेंगे. उन्होंने आगे कहा कि हमें जी राम जी योजना के नाम से दिक्कत नहीं है. इन्होंने राज्य को 40 फीसदी पैसे का हिस्सा देने का फैसला लेकर योजना का कत्ल किया. राज्य के पास बजट में इतना पैसा नहीं है. यह सरकार जनता को गुमराह कर रही है.

आंकड़ों की गलत जानकारी देने का आरोप

बताते चलें कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने देवास के जिन एसडीएम आनंद मालवीय का जिक्र किया, उन्हें आंकड़ों की गलत जानकारी देने पर निलंबित किया गया है. उज्जैन संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने देवास के एसडीएम आनंद मालवीय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, उदासीनता और अनियमितता बरतने के आरोपों के आधार पर की गई है. उनकी जगह पर अभिषेक शर्मा को एसडीएम नियुक्त किया गया है.

शासकीय कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं

इसी कड़ी में देवास के कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सहायक ग्रेड-तीन अमित चौहान को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. अमित पर भी पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, उदासीनता और अनियमितता बरतने के आरोप लगाए गए हैं. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी और भविष्य में भी ऐसी अनियमितताओं पर कठोर कदम उठाए जाएंगे.