दूल्हे को घोड़ी से गिराया; मां पर तलवार से वार,गांव का DJ क्यों नहीं बुलाया' कहकर बारात पर हमला

रतलाम के मथुरी गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। वर निकासी के समय कुछ युवकों ने दूल्हे को घोड़ी से गिरा दिया और उसकी मां पर तलवार से हमला किया, जिससे वे घायल हो गईं।

दूल्हे को घोड़ी से गिराया; मां पर तलवार से वार,गांव का DJ क्यों नहीं बुलाया' कहकर बारात पर हमला

गांव का डीजे (DJ) बुक न करने को लेकर विवाद, प्रेम प्रसंग की भी आशंका, 7 लोगों पर केस दर्ज दो हिरासत में।

रतलाम जिले के मथुरी गांव में एक बारात के दौरान हंगामा हो गया. जानकारी के अनुसार कुछ बदमाशों मे यह कहकर बारात पर हमला कर दिया कि गांव का डीजे (DJ) क्यों नहीं बुक किया. इस हमले में दूल्हे को घोड़ी से नीचे खींचकर बुरी तरह मारा गया. बारात में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान दूल्हे की मां पर भी तलवार से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं.

पुलिस इस मामले में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और 2 आरोपियों को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि डीजे न बुक होने का बहाना था, जबकि इस खूनी झड़प के पीछे असली वजह किसी प्रेम प्रसंग से जुड़ी हो सकती है.

आरोपियों ने दूल्हे पर किया हमला

कन्हैयालाल डामोर की बारात बुधवार दोपहर बिलपांक के भेरुपाड़ा से मथुरी गांव पहुंची. बारात चल रही थी और दूल्हा कन्हैयालाल घोड़े पर सवार था. दोपहर करीब 1:30 बजे कुछ युवक आ धमके. दुल्हन की मां के मुताबिक, बदमाशों ने उन्हें गालियां दीं और पूछा, 'तुमने हमारा DJ क्यों नहीं किया?' विरोध करने पर आरोपियों ने डंडों से हमला कर दिया और दूल्हे का कॉलर पकड़कर उसे घोड़े से नीचे फेंक दिया.

दूल्हे की मां पर किया हमला

विवाद बढ़ने पर कुछ युवक गालियां देते हुए पहुंचे और चिल्लाने लगे, 'दूल्हे को उठा लो' जब दूल्हे की मां संतोष बाई अपने बेटे को बचाने आईं, तो एक युवक ने उनके चेहरे पर तलवार से वार कर दिया. दुल्हन की मां और दूसरे बारातियों पर भी बुरी तरह हमला किया गया. गांववालों के बीच-बचाव करने के बाद मामला सुलझा. घटना के बाद दूल्हा, दुल्हन और बाराती सीधे पुलिस स्टेशन चले गए.

सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज 

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. दुल्हन की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ BNS की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया. CSP सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि मामला सिर्फ DJ का नहीं लग रहा, बल्कि कुछ पूर्व संबंधों (दुल्हन के प्रेम संबंध) को लेकर भी झगड़ा है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद दूल्हा अपने गांव लौट आया और शादी की रस्में पूरी हुईं.