दो-चार कुचल जाएं तो फर्क नहीं पड़ता, सब निपटा लेंगे' :तहसीलदार को खनन कारोबारी की धमकी बोला– डंपर चढ़ा दो,अवैध खनन रोकने पहुंची थी राजस्व टीम

बरगी थाना क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंची राजस्व टीम को एक खनन कारोबारी की धमकी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि कार्रवाई से नाराज कारोबारी ने अपने ड्राइवर से तहसीलदार पर डंपर चढ़ाने तक की बात कह दी

दो-चार कुचल जाएं तो फर्क नहीं पड़ता, सब निपटा लेंगे' :तहसीलदार को खनन कारोबारी की धमकी बोला– डंपर चढ़ा दो,अवैध खनन रोकने पहुंची थी राजस्व टीम

मानेगांव में प्रशासनिक अमले और खनन माफिया के बीच विवाद ने पकड़ा तूल, क्षेत्र की सभी खदानें निशाने पर

जबलपुर जिले में खनन माफिया की दबंगई एक बार फिर सामने आई है. मानेगांव क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत पर जांच करने पहुंचे जबलपुर तहसीलदार रविंद्र पटेल और माइनिंग राजस्व अधिकारियों को माफिया रोहित जैन ने न सिर्फ रास्ते में रोका, बल्कि खुलेआम गाली-गलौज करते हुए डंपर से कुचलने की धमकी भी दे डाली.इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,जिसमें रोहित जैन अधिकारियों को धमकाते हुए साफ तौर पर कहते नजर आ रहा है – चढ़ा दो डंपर, देख लेंगे. वीडियो में अधिकारियों के साथ की गई बदसलूकी और अभद्र भाषा का प्रयोग भी साफ सुना जा सकता है. घटना के बाद तहसीलदार रविंद्र पटेल ने बरगी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित जैन के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक अमले की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि जब जांच के दौरान ही माफिया इस तरह खुलेआम धमकी दे रहे हैं, तो कार्रवाई कैसे संभव होगी. राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा की मांग करते हुए खनन माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. मानेगांव और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं. प्रशासन द्वारा की गई छापेमारी के दौरान यह घटना सामने आई, जिससे साफ है कि खनन माफिया अब खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं. 

तहसीलदार रवींद्र पटेल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है. इसी दौरान में 9 जनवरी को ग्राम मानेगांव में औचक निरीक्षण किया गया था, जहां एम सैंड और गिट्टी का ओवरलोड परिवहन पाया गया. कार्रवाई के दौरान तीन डंपर जब्त कर उन्हें बरगी थाने ले जाया जा रहा था, तभी रोहित जैन अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और जब्त किए गए वाहनों को रोकने की कोशिश की.

इधर, घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों डंपरों को जब्त कर लिया. तहसीलदार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रोहित जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.

बता दें कि रोहित जैन मनेरी क्षेत्र में मुरम-मिट्टी के खनन और सप्लाई का कारोबार करता है और शहर के कई बड़े और छोटे ठेकेदारों से उसका लेन-देन है. जांच में यह भी सामने आया कि डंपरों में क्षमता से अधिक ओवरलोड खनिज का परिवहन किया जा रहा था. फिलहाल इस पूरे मामले में खनन कारोबारी रोहित जैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है

प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और सरकारी अधिकारियों को धमकाने या कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.