अमित शाह ने जारी किया बीजेपी का मेनिफेस्टो- बंगाल में UCC, 45 दिन में सातवां वेतन, महिलाओं को 3000
बीजेपी ने ऐलान किया है कि अगर पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी की सरकार बनी तो वे 45 दिन में इंटरनेशनल बॉर्डर की फेंसिंग के लिए जमीन देंगे।
बीजेपी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी करते हुए ममता सरकार के 15 साल के शासन को विफल बताया और बदलाव का आह्वान किया.
भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के लिए पार्टी का घोषणा पत्र यानी 'भरोसे का पत्र' जारी किया। इसमें महिलाओं को ₹3 हजार महीना, युवा बेरोजगारों को ₹3 हजार महीना की मदद, पहले 6 महीने में UCC लागू करना और सरकारी कर्मचारियों को 45 दिन में सातवां वेतनमान देने की घोषणा की गई।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पत्र जारी करते हुए कहा बंगाल की जनता के लिए पिछले 15 साल बुरे सपने के जैसे रहे हैं। ममता घुसपैठियों के जरिए तीसरी बार CM बनीं हैं। हम घुसपैठियों को डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट करेंगे। राज्य में दो फेज में 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है। रिजल्ट 4 मई को आएगा।
महिलाओं को कैश बेनिफिट- भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल की बेरोजगार युवतियों के लिए हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। शाह ने घोषणा की कि हर महीने की 1 तारीख से 5 तारीख के बीच महिलाओं के बैंक खातों में 3,000 रुपये जमा किए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने की बात भी कही है। BJP ने 'लक्ष्मी भंडार' योजना के तहत तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा अभी दिए जा रहे 1,500 के मासिक भत्ते को दोगुना करने का वादा किया है। इसी तरह, शाह ने जोर देकर कहा कि बेरोजगारी भत्ता भी दोगुना किया जाएगा।
बंगाल में UCC- अमित शाह ने भाजपा का संकल्प जारी करते हुए कहा कि उनकी पार्टी अगर सत्ता में आती है तो सरकार बनने के मात्र छह महीने के अंदर यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू किया जाएगा। इसकी घोषणा करते हुए अमित शाह ने कहा, "BJP शासित कई राज्यों ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दी है। छह महीने के भीतर हम बंगाल में भी UCC लागू करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पूरे राज्य में सभी नागरिकों के लिए एक ही तरह का कानून हो।"
गौ तस्करी और घुसपैठ पर रोक- अमित शाह ने बंगाल की जनता से वादा किया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर घुसपैठिए की पहचान की जाएगी और उसे देश से बाहर निकाल दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल के रास्ते होने वाली मवेशियों की तस्करी पूरी तरह से रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। शाह ने कहा, ‘हम न केवल घुसपैठियों के लिए बंगाल की सीमाओं को सील करेंगे, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेंगे कि बंगाल के रास्ते भारत से एक भी गाय की तस्करी न हो।’
बंगाल के कर्मचारियों के लिए 7वां वेतन आयोग- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के सरकारी कार्मचारियों और रिटायर हो चुके लोगों से वादा किया है कि भाजपा की सरकार बनने पर सिर्फ 45 दिनों के भीतक 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को बंगाल में लागू कर दिया जाएगा। इसका लाभ पेंशन पाने वाले लोगों को भी मिलेगा।
नए IIT और AIIM- अमित शाह ने कहा कि उत्तरी बंगाल लंबे समय से विकास से वंचित रहा है। उत्तरी बंगाल के अलग-अलग जिलों में एक AIIMS, एक IIT, एक IIM और एक फेशन डिजाइनिंग संस्थान की स्थापना करके भाजपा की सरकार उत्तरी बंगाल के समग्र विकास को सुनिश्चित करेगी।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस