20 एकड़ जंगल पर ‘सौदेबाजी’ का आरोप: खालिबा में रेंजर-गार्ड घिरे, महिलाओं का उग्र प्रदर्शन; CCF ने दिए जांच के सख्त आदेश

सरगुजा वन मंडल के अंबिकापुर वन परिक्षेत्र के ग्राम खालिबा में रेंजर और फॉरेस्ट गार्ड पर लगभग 20 एकड़ वन भूमि को कथित रूप से छोड़कर नई जगह सीपीटी गड्ढे खोदने और ग्रामीणों के निस्तार मार्ग को बंद करने का आरोप लगा है। विरोध के बावजूद सुनवाई न होने पर सैकड़ों ग्रामीण, बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ, अधिवक्ता डॉ. डी.के. सोनी के नेतृत्व में मुख्य वन संरक्षक से मिले और ज्ञापन सौंपा। मुख्य वन संरक्षक ने मामले में तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

20 एकड़ जंगल पर ‘सौदेबाजी’ का आरोप: खालिबा में रेंजर-गार्ड घिरे, महिलाओं का उग्र प्रदर्शन; CCF ने दिए जांच के सख्त आदेश

सैकड़ों ग्रामीणों ने मुख्य वन संरक्षक को सौंपा ज्ञापन

महिलाओं ने संभाली कमान, जंगल बचाने की मुहिम तेज

निस्तार मार्ग बंद करने और नई जगह सीपीटी गड्ढे खोदने का आरोप

विरोध पर धमकाने की शिकायत, विभागीय मिलीभगत के आरोप

अंबिकापुर/सरगुजा। सरगुजा वन मंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र अंबिकापुर के बीट खालिबा में रेंजर और फॉरेस्ट गार्ड पर करीब 20 एकड़ वन भूमि को छोड़कर नई जगह सीपीटी गड्ढे खोदने और ग्रामीणों के निस्तार मार्ग बंद करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में सैकड़ों ग्रामीण—जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं—ने जंगल बचाने की मुहिम के तहत मुख्य वन संरक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुरानी सीपीटी (कंटूर पिट ट्रेंच) की

खुदाई न कर कथित मिलीभगत से नई जगह गड्ढे खोद दिए गए, जिससे गांव के आने-जाने का रास्ता प्रभावित हुआ। विरोध करने पर सुनवाई के बजाय धमकी देने की बात भी सामने आई है।

अधिवक्ता डॉ. डी.के. सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य वन संरक्षक सरगुजा से मुलाकात की। मुख्य वन संरक्षक  दिलराज प्रभाकर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वनमंडलाधिकारी सरगुजा को तत्काल जांच व आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों और कथित रूप से सहयोग करने वाले विभागीय अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाने को कहा गया है।