मैथिली ठाकुर ने विधानसभा में अपनी ही सरकार को घेरा,मैं मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं, मंगल पांडे के उत्तर को प्वाइंट देकर खारिज कर दिया
बिहार विधानसभा में एनडीए विधायक मैथिली ठाकुर और कोमल सिंह ने अपनी ही सरकार को घेरा है। मैथिली ठाकुर ने बदहाल स्वास्थ्य केंद्र के पुनर्निर्माण और मिथिलाक्षर केंद्र की मांग की। वहीं, कोमल सिंह ने स्टेडियम निर्माण की गलत रिपोर्ट पर सवाल उठाए। दोनों विधायक जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से आवाज उठा रहे हैं, जिसे सकारात्मक राजनीति के रूप में देखा जा रहा है।
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सबसे कम उम्र की विधायक मैथिली ठाकुर ने ऐसा बयान दिया की सब सन्न रह गए, स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उन्होंने अपनी ही सरकार के सामने तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के अस्पतालों की जर्जर हालत और डॉक्टरों की कमी का मुद्दा पूरी प्रखरता के साथ उठाया। फिर उसके बाद उनके बयान की चर्चा काफी तेज हो गई है।
बिहार विधानसभा के लिए पहली बार निर्वाचित एनडीए विधायक सदन में क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए दमदारी से अपनी बातों को रख रहे हैं। मुजफ्फरपुर के गायघाट से जदयू विधायक कोमल सिंह के बाद अब बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने भी अपनी ही सरकार को घेरते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। इसको सकारात्मक राजनीति के रूप में देखा जा रहा है।
जानी मानी लोक गायिका मैथिली ठाकुर दरभंगा के अलीनगर विधानसभा का प्रतिनिधित्व करती हैं। सदन में उन्होंने अपने क्षेत्र के एक जर्जर भवन वाले अस्पताल की बदहाली पर पर स्वास्थ्य विभाग की निद्रा पर सवाल उठाया था। विभाग की ओर से उसका लिखित जवाब दिया गया। प्रश्नकाल काल के दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मंत्री जी के उत्तर से कतई संतुष्ट नहीं हैं। बताया कि जवाब में भवन को जर्जर नहीं बल्कि मरम्मति की जरूरत बताई गयी है। मंत्री जी फिर से जांच करा सकते हैं। अस्पताल का भवन जर्जर है और एक छोटे से भाग में करीब 7 पंचायतों की पचास हजार की आबादी का इलाज किया जाता है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में पहले दो एमबीबीएस डॉक्टर थे। अब एक आयुष डॉक्टर के सहारे अस्पताल चल रहा है। छुट्टी पर रहने पर कोई डॉक्टर नहीं मिलते हैं। मैथिली ठाकुर ने जोर देकर कहा कि इस क्षेत्र को दो एमबीबीएस डॉक्टर मिलना बहुत जरुरी है ताकि जनता के स्वास्थ्य का उचित खयाल रखा जा सके। उन्होंने कहा कि बचपन से मंगल पांडे को स्वास्थ्य मंत्री के रूप में काम करते देखा है। उनसे बहुत उम्मीद भी है। मैथिली ठाकुर ने अपने शालिनता भरे अंदाज में बात करके सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
मैथिली ठाकुर मिथिला की लोक गायिका हैं। छोटी उम्र में ही उन्होंने कला के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल किया है। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित हो चुकी हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऑफर करके उन्हें यूथ आइकॉन को मैदान में उतारा और सीट पर जीत हासिल हुई।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस