सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त: रॉन्ग साइड, ओवरस्पीडिंग और ड्रिंक एंड ड्राइविंग पर चलेगा विशेष अभियान, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
उरई में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था मजबूत करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। डीएम ने रॉन्ग साइड, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइविंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।
सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
रॉन्ग साइड, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइविंग व बिना हेलमेट चलने वालों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश
उरई । जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि वाहन चालकों और परिचालकों का नियमित स्वास्थ्य एवं दक्षता परीक्षण कराने के लिए कैम्प आयोजित किए जाएं। साथ ही रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ओवर स्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइविंग, हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सके। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि स्कूलों व कालेजों में छात्र-छात्राओं के बीच सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, जिससे बच्चों में प्रारंभ से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित हो सके। इसके साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में वाहन स्वामी या अभिभावक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालक एवं परिचालक के नाम और मोबाइल नंबर, रोड रिफ्लेक्टर सहित सभी सुरक्षा मानकों की समय-समय पर अनिवार्य रूप से जांच की जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान चलाकर सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए। सचिव ओडीए, सिटी मजिस्ट्रेट तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका उरई को निर्देश दिए गए कि दुकानों के बाहर अवैध अतिक्रमण न होने दिया जाए तथा व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (सीडी-प्रथम), एआरटीओ राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस