छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे हादसे में 5 की मौत: CM मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये सहायता
छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक और पिकअप की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 5 लोगों की मौत हुई.
हादसे में करीब 20 मजदूर घायल हुए, एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की.
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन की ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना तेज था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए.छिंदवाड़ा के टेमनी खुर्द के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. IANS की खबर के मुताबिक पुलिस हादसे की जांच में जुटी है. इस दौरान 5 लोगों की मौत की बात सामने आ रही है, जबकि 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य जारी है. घायलों को उपचार के लिए नजदीकी और जिला अस्पताल भेजा गया है. सिविल सर्जन सुशील दुबे ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि अभी तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है. मरने वालों में तीन महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. जैसे ही हम लोगों को हादसे की जानकारी हुई, हमारी टीम इलाज के लिए तुरंत पहुंची थी.
सभी मजदूर मछेरा गांव के
उन्होंने बताया कि सभी मजदूर मछेरा गांव के बताए जा रहे हैं. ये लोग कहां जा रहे थे और हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है, साथ ही घालयों से भी पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले की सही जानकारी मिल सके.
सिविल सर्जन सुशील दुबे ने बताया कि इसमें से एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसको नागपुर रेफर किया जाएगा. घालयों और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिससे ही उनके परिजन आ जाएंगे आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद है. हमारे 20 से 25 डॉक्टरों की टीम घालयों का इलाज कर रही है.
मृतकों को 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों को 4-4 लाख और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं. मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. बाबा महाकाल दिवंगतों को शांति व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं."
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस