अश्लील वीडियो विवाद पर उमा भारती आक्रामक: ‘पुलिस न सुने तो थाने का घेराव करो’, कार्यकर्ताओं संग बैठक
पांढुर्णा में अश्लील वीडियो वायरल मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है तो लोकतांत्रिक तरीके से थाने का घेराव करें।
अश्लील वीडियो मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे, पुलिस रवैये पर जताई नाराज़गी
कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया, उमा भारती ने आंदोलन का रास्ता अपनाने की दी सलाह
मामले में सख्त कार्रवाई की मांग तेज, पूर्व सीएम बोलीं— न्याय नहीं मिला तो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करो
पांढुर्णा। मंगलवार को पांढुर्णा प्रवास पर पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने मुलाकात कर पुलिस की कथित निष्क्रियता की शिकायत की। अश्लील वीडियो वायरल मामले में तीन दिनों से कार्रवाई नहीं होने पर उमा भारती ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि यदि पुलिस जनता की बात नहीं सुन रही है, तो लोकतांत्रिक तरीके से थाने का घेराव किया जा सकता है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्दीधारी जनता की सुरक्षा के लिए हैं और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
तीन दिन से कार्रवाई न होने पर बढ़ा आक्रोश
हिंदूवादी संगठन के कमलेश राठौर सहित अन्य सदस्यों ने उमा भारती को बताया कि एक नाबालिग द्वारा अश्लील वीडियो वायरल किए जाने के मामले में पुलिस ने केवल मामूली धाराओं में केस दर्ज किया है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मुख्य आरोपियों को बचाया जा रहा है और लगातार शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
यह मुलाकात उस घटना के बाद हुई, जब सोमवार की घटना से जुड़ा वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ। उस समय उमा भारती भोपाल से नागपुर जाते हुए पांढुर्णा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रुकी थीं।
सबूत सौंपें और संवैधानिक तरीके अपनाएं
उमा भारती ने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे मामले से जुड़े सभी साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराएं और लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीकों से दबाव बनाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के पास शांतिपूर्ण विरोध के कई अधिकार हैं, जिनमें थाने का घेराव भी शामिल है।
पूर्व मुख्यमंत्री के बयान के बाद स्थानीय संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।
नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज
पांढुर्णा में अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग के खिलाफ शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस