सड़क निर्माण की खुली पोल: BJP विधायक ने हथौड़े से तोड़कर दिखाया हाल,PWD के काम पर उठाए सवाल

मध्य प्रदेश के गुना में BJP विधायक पन्नालाल शाक्य ने PWD द्वारा बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए खुद हथौड़े से सड़क खोदकर जांच की। औचक निरीक्षण के दौरान घटिया निर्माण से नाराज विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी विधानसभा में खराब काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सड़क निर्माण की खुली पोल: BJP विधायक ने हथौड़े से तोड़कर दिखाया हाल,PWD के काम पर उठाए सवाल

गुना जिले में सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर विधायक पन्नालाल शाक्य ने खुद मौके पर पहुंचकर हथौड़ा मारकर सड़क की मजबूती जांची। सड़क की परत उखड़ते ही निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए।

गुना। मध्य प्रदेश के गुना से BJP विधायक पन्नालाल शाक्य ने सड़क निर्माण में कथित लापरवाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ अनोखा तरीका अपनाते हुए खुद ही सड़क की गुणवत्ता जांचनी शुरू कर दी। करोड़ों रुपये की लागत से बन रही PWD की सड़क का औचक निरीक्षण करने पहुंचे विधायक ने जब सड़क की क्वालिटी देखी तो नाराज हो गए और हथौड़ा उठाकर सड़क खोदकर उसकी परतों की जांच करने लगे।

निरीक्षण के दौरान दिखा खराब निर्माण

विधायक पन्नालाल शाक्य ने बताया कि उनकी विधानसभा में बन रही सड़क की गुणवत्ता पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते वे अचानक निरीक्षण करने पहुंचे। मौके पर सड़क की स्थिति देखकर उन्होंने हथौड़े से सड़क की परतें उखाड़कर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए।

PWD अधिकारी पहुंचे मौके पर

विधायक के निरीक्षण और सड़क खोदने की जानकारी मिलते ही PWD विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालांकि तब तक विधायक सड़क की गुणवत्ता को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके थे और अधिकारियों से जवाब भी मांगा।

टेंडर प्रक्रिया पर भी उठे सवाल

सड़क निर्माण को लेकर अब टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रही सड़क की मजबूती को लेकर स्थानीय स्तर पर भी शिकायतें सामने आई थीं।

अपनी ही सरकार की एजेंसी पर सख्त विधायक

जिला प्रशासन की अनदेखी से भी विधायक नाराज बताए जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि उनकी विधानसभा में किसी भी प्रकार का गलत या घटिया निर्माण कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी विभाग द्वारा कराया जा रहा हो।

जनप्रतिनिधियों को जमीन पर उतरकर देखना चाहिए काम

विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि सड़क की गुणवत्ता को लेकर PWD अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की खुद निगरानी करनी चाहिए, ताकि जनता के पैसे का सही उपयोग हो सके।