पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने बैंकों, विद्युत विभाग और वेंडर्स को दी सख्त समयसीमा
उरई में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए बैंकों, विद्युत विभाग और वेंडर्स को तय समयसीमा में लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। जिले में 797 बैंक आवेदन लंबित हैं, जिन्हें एक सप्ताह में निपटाने के आदेश दिए गए, जबकि कुछ बैंकों को तीन दिन की विशेष समयसीमा दी गई।
एक सप्ताह में लंबित आवेदन, नेट मीटरिंग और सोलर प्लांट स्थापना पूर्ण करने के निर्देश, 29 मई को होगी वर्चुअल समीक्षा बैठक
उरई । जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत समीक्षा बैठक कर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने योजना के क्रियान्वयन में संबंधित बैंकों, विद्युत विभाग एवं वेंडर्स को तय समयसीमा में सभी लंबित कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि बैंक स्तर पर योजना के कुल 797 आवेदन लंबित हैं। जिलाधिकारी ने बैंकवार प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर लंबित आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक, पंजाब एंड सिंड बैंक, आईडीबीआई बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक तथा बैंक ऑफ महाराष्ट्र को निर्देश दिए कि तीन दिवस के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर उसकी सूचना लीड बैंक अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी नेडा को उपलब्ध कराई जाए। वेंडर्स द्वारा नेट मीटरिंग में हो रही देरी की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि 168 लंबित उपभोक्ताओं की नेट मीटरिंग की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त किया जाएगा।जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी नेडा को निर्देशित किया कि 29 मई 2026 को अपराह्न 3 बजे वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित कर बैंक शाखा प्रबंधकों एवं विद्युत विभाग के लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की जाए। साथ ही प्रत्येक विकासखंड के एक ग्राम एवं प्रत्येक नगर क्षेत्र के एक वार्ड को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संतृप्त करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए वेंडर्स को क्षेत्रवार जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। वेंडर्स स्तर पर 119 उपभोक्ताओं के सोलर प्लांट स्थापना कार्य लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित सोलर प्लांट एक सप्ताह के भीतर स्थापित किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि ऋण स्वीकृत होने के तीन दिवस के भीतर उपभोक्ता के घर पर सोलर प्लांट स्थापित होना चाहिए, अन्यथा संबंधित वेंडर्स के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम एवं द्वितीय, जिला अग्रणी प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं क्रेडिट इंचार्ज तथा यूपीनेडा के पंजीकृत वेंडर्स उपस्थित रहे।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस