मेरे पास द्रौपदी की थाली है: 4400 करोड़ की सौगात के बाद गडकरी बोले—टॉयलेट के पानी से भी 300 करोड़ की कमाई करलेता हूं
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि उनके पास द्रौपदी की थाली है और किसी को वे भूखा नहीं रहने देंगे। जो भी उनके पास मांगने के लिए आएगा, उसको खाना देंगे। उन्होंने एमपी की कृषि विकास दर की सराहना करते हुए कहा कि एमपी का गेहूं पूरी दुनिया में जाता है। यहां का बासमती चावल प्रसिद्ध है पर आने वाले समय में किसानों के लिए और काम करने की आवश्यकता है। कृषि मंत्री लगातार प्रयास कर रहे हैं पर पूरे विश्व में किसानों की स्थिति को लेकर अनेक प्रकार के चैलेंज हैं।
केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने विदिशा में 181 किलोमीटर लंबी 8 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया
विदिशा। मध्य प्रदेश के विकास पथ को नई गति देते हुए केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को विदिशा में 4400 करोड़ रुपये की लागत वाली सडक़ परियोजनाओं की सौगात दी। इस भव्य कार्यक्रम में उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। गडकरी ने कहा, शिवराज जी के सहयोग से हमने ट्रैक्टर लाया है। मेरे पास इलेक्ट्रिक है। हर तरह का ट्रैक्टर हमारे ईंधन से चलना चाहिए। किसानों की लाखों की बचत होने वाली है। यहां आने पर सभी ने बहुत मांगें की, लेकिन मांगें पूरी करते-करते कब तक भाषण दूंगा। लेकिन आप चिंता मत करिए। मेरे पास द्रौपदी की थाली है। खाने को कितने ही लोग आएं। कितना ही खा लोगे, लेकिन खाना खत्म नहीं होगा।
पुरानी कृषि उपज मंडी में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान नितिन गडकरी ने रिमोट का बटन दबाकर कुल 181 किलोमीटर लंबी 8 महत्वपूर्ण सडक़ परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, क्षेत्रीय सांसद और विधायक भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इन परियोजनाओं से विदिशा की तस्वीर बदलेगी, वहीं शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। गडकरी ने कहा कि मैं मध्य प्रदेश को 1600 करोड़ देने की घोषणा करता हूं। उसमें से 400 करोड़ रुपए शिवराज जी को देता हूं। ताकि वो 50-50 करोड़ अपने 8 एमएलए को देंगे। गडकरी ने कहा कि मोहन जी ने 50 प्रोजेक्ट की मांग की है। क्या मोहन जी 2-4 हजार करोड़ और मांग लेते तो भी दे देता। आगे भी पैसे लगेंगे तो मैं मंजूर करूंगा।
मैं टॉयलेट का पानी बेचता हूं
गडकरी ने कहा, मैं अपने शहर में टॉयलेट का पानी बेचता हूं। 300 करोड़ मिलते हैं। अब कचरा बेचने लगा हूं। मैं छात्र नेता था। गांव में दीवारों पर लिखने का काम करता था। दिल्ली-मुंबई पता नहीं था। तब सही नेता मिले, मार्गदर्शन मिला। जब अच्छे नेता मिलते हैं तो परिवर्तन भी सही दिशा में होता है। गडकरी बोले- हमारे देश में पैसों की कमी नहीं है। जनता के लिए ईमानदारी से काम करने वाले नेताओं की कमी है। नॉलेज को वेल्थ में बदलना ही भविष्य है। कोई मटेरियल वेस्ट नहीं है। कोई व्यक्ति वेस्ट नहीं है। ये लीडरशिप और टेक्नोलॉजी पर डिपेंड करता है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, शिवराज जी को विदिशा की जनता ने 12 बार चुना है। आप जनता के प्रेम के धनी है। मैं जो भी काम करता हूं उसमें 90 प्रतिशत काम किसान के लिए करता हूं। मेरी कोशिश है कि किसान ऊर्जादाता भी बने। किसान हाइड्रोजन भी बना रहा है। इतना ही नहीं किसान अब डामरदाता भी बन गया है।
जो काम करता है वो राज करता है: सीएम
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा, काम करने वालों के साथ जनता होती है। जो काम करता है वो राज करता है। गडकरी जी आपको अभी उज्जैन के विकास कार्यों के लिए भी आना पड़ेगा। केवल विदिशा के लिए आपको छोड़ेंगे नहीं।
रायसेन में बनेगा मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदिशा स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई और स्वर्गीय सुषमा स्वराज की धरती है। उन्होंने कहा कि विदिशा का महत्व उज्जैन की तरह अलग और विशेष है। यहां के लोगों ने अपनी अलग पहचान बनाई है और विदिशा में स्थित साँची का स्तूप एक अलग ही आनंद देता है।मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भोपाल को आगरा से जोडऩे के लिए ग्वालियर-नागपुर हाईवे की मंजूरी मिलनी चाहिए। साथ ही कोटा-भोपाल-सागर हाईवे और उज्जैन-जबलपुर-अंबिकापुर सडक़ बनने से लोगों को बड़ा फायदा होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 50 सडक़ों के लिए 4,500 करोड़ रुपये की मांग की गई थी, जिस पर मुख्यमंत्री की मांग पर मंच से ही नितिन गडकरी ने तुरंत मंजूरी दे दी। इसके लिए मुख्यमंत्री ने उनका आभार जताया और कहा कि मध्य प्रदेश में 50 नई सडक़ों का जाल बिछेगा। सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि रायसेन में मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा।
शिवराज बोले- विदिशा छूटता नहीं है
शिवराज ने सीएम मोहन से कहा, नर्मदा जी और बेतवा को मिला दें तो अच्छा हो जाएगा। बेतवा का सौंदर्यीकरण, घाट बन जाए। शहर में जो वायरिंग बाहर लटक रही हैं, वो अंडर ग्राउंड हो जाए। लेकिन मैं क्या करूं विदिशा से ऐसा जुड़ा हुआ हूं। प्रधानसमंत्री ने पूरे देश में घूमने का काम दिया है, लेकिन फिर भी विदिशा छूटता नहीं है। तुमसे मिलने को जी करता है बाबा....। शिवराज ने कहा, सीएम मोहन पहले भी आकर विदिशा में बड़ी-बड़ी घोषणाएं करके गए। लेकिन अंदर की छोटी गलियों की सडक़ में भी गड्ढा हो जाए तो लोग आज भी मामा के साथ गड्ढे की फोटो लगा देते हैं। अब गली की सडक़ का केंद्रीय मंत्री क्या करेंगे। निवेदन है कि इन छोटी सडक़ों के लिए भी राशि स्वीकृत कर दीजिए।
शिवराज ने रखी प्रदेश में इन सडक़ों को बनाने की मांग
शिवराज ने कहा, भोपाल, बैरसिया, सिरोंज और अशोकनगर राष्ट्रीय मार्ग में सम्मिलित हो जाए तो इस ब्राउन फील्ड से भी हमें लाभ मिलेगा। नर्मदापुरम, सोहागपुर से हरदा तक राष्ट्रीय राजमार्ग ग्रीनफील्ड रोड बन सकता है। इसे मंजूर कर दीजिए। अभी बुधनी में केवल टू लेन रोड बन रहा है। लेकिन टू लेन से काम नहीं चलेगा। इसको भी फोरलेन बना दीजिए नितिन जी। खंडवा-जबलपुर वाया पिपरिया-नरसिंहपुर राजमार्ग से दो राजमार्ग को जोड़ेगा, ये प्रदेश के किसानों के लिए लाफदायक होगा। शिवराज ने कहा, विदिशा में केवल बायपास नहीं रिंग रोड बनेगा। उत्तर हो या दक्षिण यहां सडक़ निर्माण होगा। जब ऐसे रोड बनते हैं तो हमारे उत्पादन समंदर पार पहुंचाने में मदद मिलती है। आज हमारा शरबती गेहूं अमरिका-कनाडा तक पहुंच रहा है। ये रिंग रोड बन जाए तो विकास की राह भी आगे बढ़ेगी। विदिशा-कोटा-सागर तक एक्सप्रेस वे बन जाए तो ये हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा। मध्य प्रदेश की तस्वीर बदलेगी और तकदीर बदलने का काम भी होगा।
विदिशा का विकास मेरी जिद और जुनून
शिवराज ने कहा, विदिशा का विकास मेरी जिद और जुनून है। यहां की जनता की सेवा मेरे लिए भगवान की पूजा है। इसी सेवा को सीएम मोहन यादव आगे बढ़ा रहे हैं। नितिन गडकरी जी इतनी सौगातें लेकर आए हैं, लेकिन विकास की भूख कभी मिटती नहीं है। पहले जबलपुर में सडक़ परियोजना का शिलान्यास होना था, लेकिन हमने बात की और कहा कि विदिशा जाए बिना जबलपुर में शिलान्यास नहीं होगा। और वे मान गए। केंद्रीय मंत्री शिवराज ने कहा, हमारे बड़े भाई नितिन गडकरी ने सडक़ों के माध्यम से देश की तस्वीर बदल दी है। पत्थरों की मार से तो लोगों को घायल होते हुए देखा था, लेकिन विदिशावासियों ने फूलों की मार से घायल कर दिया। आपने नितिन गडकरी जी का क्या स्वागत किया है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस