एनएचएआई-27 पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने चलाया जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान

मुख्यमंत्री के निर्देश पर उरई में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने घने कोहरे व शीतलहर को देखते हुए एनएचएआई-27 का निरीक्षण कर जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु वाहनों पर रिफ्लेक्टर व रेडियम स्ट्रिप्स लगाए गए और चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक किया गया।

एनएचएआई-27 पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने चलाया जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर प्रशासन हुआ सख्त

उरई । मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने घने कोहरे एवं शीतलहर की स्थिति को देखते हुए प्रातः राष्ट्रीय राजमार्ग एनएचएआई-27 का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से वाहनों पर संकेतक, रिफ्लेक्टर एवं रेडियम स्ट्रिप्स लगाए गए तथा वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर वाहन चालकों से कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट का उचित प्रयोग करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, ऐसे में सतर्कता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जनपद के अन्य प्रमुख मार्गों पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार चेतावनी बोर्ड, संकेतक एवं प्रकाश व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर एआरटीओ सुरेश कुमार, यातायात पुलिस, एनएचएआई सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।