निर्माणाधीन सीएमओ कार्यालय भवन का डीएम ने किया निरीक्षण, 30 जून तक कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने उरई स्थित निर्माणाधीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अधीनस्थ कार्यालय भवन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लगभग 391.77 लाख रुपये की परियोजना को 30 जून 2026 तक हर हाल में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

निर्माणाधीन सीएमओ कार्यालय भवन का डीएम ने किया निरीक्षण, 30 जून तक कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश

समयसीमा और मानकों का कड़ाई से पालन करें, 30 जून तक हर हाल में पूर्ण हो निर्माण—जिलाधिकारी

निरीक्षण में खामियों पर सख्त निर्देश, ड्राइंग के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने पर जोर

उरई । जनपद मुख्यालय पर निर्माणाधीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अधीनस्थ कार्यालय भवन परियोजना का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस, उत्तर प्रदेश जल निगम, झांसी को निर्देशित किया कि लगभग 391.77 लाख रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना को 30 जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए तथा कार्य की गति बढ़ाते हुए समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने फिनिशिंग कार्यों को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि अंतिम चरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाई गई तकनीकी कमियों पर जिलाधिकारी ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मुख्य गेट के ऊपर बनाया गया छज्जा स्वीकृत ड्राइंग के अनुरूप न होने पर उसे तोड़कर पुनः मानक के अनुसार निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त भवन के बाईं ओर प्रस्तावित गैरेज को अनुपयुक्त बताते हुए उसे अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध एवं मानक अनुरूप निर्माण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकरी केके सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।