CM के कार्यक्रम से लौट रही बस हादसे का शिकार: 10 की मौत, 31 से ज्यादा घायल, एक यात्री का हाथ कटा

MP के छिंदवाड़ा से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही एक बस और पिक-अप वाहन के बीच भीषण भिड़ंत हो गई. इस दुखद दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 31 अन्य घायल हुए हैं.

CM  के कार्यक्रम से लौट रही बस हादसे का शिकार: 10 की मौत, 31 से ज्यादा घायल, एक यात्री का हाथ कटा

सिमरिया मंदिर के पास बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में बड़ा हादसा हो गया। टक्कर के बाद बस पलट गई।

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में पिकअप वाहन से आमने-सामने की टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में दोनों गाड़ियों के ड्राइवर समेत 10 लोगों की मौत हो गई। 30 से ज्यादा घायल हुए हैं। एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर अलग हो गया। कुछ यात्रियों के सिर फूटे हैं।

एक्सीडेंट गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे सिमरिया के पास हुआ। MP28 P 0321 नंबर की इस बस में 47 लोग सवार थे। यह छिंदवाड़ा के पुलिस लाइन में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से लौट रही थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे।

उन्होंने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए जबकि गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

हादसे में 6 पुरुष, 3 महिला और एक बच्चे की मौत

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के डीन अभय सिन्हा ने कहा- मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। एक घायल की हालत नाजुक है, जिसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उसके सिर पर गंभीर चोट है। खून के थक्के जम गए हैं। बाकी घायलों को यहीं रखा गया है।

इनकी गई जान

1. भागवती (45) 2. दौलत (40) 3. शकुन यादव (45) 4. रामदास (40) 5. रमेश (35) 6. सिया बाई (40) 7. वंश (7) 8. बस ड्राइवर कमल (54) 9. पिकअप ड्राइवर रवि धारे (40) 10. एक अन्य

ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घायलों को 6 एम्बुलेंसों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके लिए पुलिस ने हादसे की जगह से अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया। कुछ घायलों को एक स्कूल बस से हॉस्पिटल लाया गया।

हादसे पर सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

घटना को लेकर सीएम मोहन यादव का भी बयान सामने आया है, उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "आज शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है. प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना करता हूं."

'अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश'

सीएम ने आगे लिखा, "मैंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. जबलपुर से डॉक्टर्स के दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए हैं. छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह जी को भी अपने कार्यक्रम परिवर्तित कर छिंदवाड़ा पहुंचने के लिए निर्देशित किया है."