कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के विवादित बयान पर भाजपा का तीखा हमला, प्रदेशभर में उबाल,मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल व महिला नेत्रियों ने की कड़ी निंदा, राहुल गांधी से निष्कासन की मांग
कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और पार्टी की महिला नेत्रियों ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज को बांटने वाला और महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा नेताओं का तीखा हमला, कांग्रेस पर महिला विरोधी सोच का आरोप
भोपाल से जबलपुर तक सड़कों पर उतरी भाजपा, बरैया का पुतला दहन
प्रदेशभर में उबाल, भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन, राहुल गांधी से निष्कासन की मांग
भोपाल, कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल तथा पार्टी की वरिष्ठ महिला नेत्रियों ने इस बयान की तीखी आलोचना करते हुए इसे समाज को तोड़ने वाला और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है।
इंदौर, भोपाल, जबलपुर सहित पूरे प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस विधायक और राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कई जिलों में पुतला दहन कर बरैया से सार्वजनिक माफी और कांग्रेस से निष्कासन की मांग की गई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले — समाज में जहर घोलने वाला बयान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का बयान समाज में जहर घोलने वाला है। यह कांग्रेस की महिला और दलित विरोधी सोच को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा बरैया के साथ मंच साझा करना उनके बयानों को मौन स्वीकृति देने जैसा है। यदि कांग्रेस वास्तव में सामाजिक सद्भाव और समानता में विश्वास करती है, तो राहुल गांधी को तुरंत बरैया को पार्टी से बाहर करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की भाषा और सोच समाज को बांटने वाली है और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। ऐसे लोगों को सार्वजनिक जीवन में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता उजागर — खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि महिलाओं को लेकर शर्मनाक बयान देने वाले विधायक के साथ राहुल गांधी का मंच साझा करना कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की चुप्पी कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर को उजागर करती है। कांग्रेस के लिए नारी सम्मान कोई मूल्य नहीं, बल्कि केवल वोट बैंक बनकर रह गया है।
नारी सम्मान का अपमान — भाजपा नेत्रियों का प्रहार
मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि बरैया का बयान सभी समाज की महिलाओं का अपमान है और कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति को दर्शाता है।
पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि बलात्कार जैसे जघन्य अपराध पर इस तरह की टिप्पणी घिनौनी और अस्वीकार्य है।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे ने कहा कि इस बयान से भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान की परंपरा का अपमान हुआ है। भाजपा नारी सम्मान के किसी भी अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रदेशभर में प्रदर्शन, पुतला दहन
भाजपा महिला मोर्चा ने भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे सहित प्रदेश के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन कर कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस से तत्काल निष्कासन और सार्वजनिक माफी की मांग की।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस