उमंग सिंगार ने कुत्ते को सौंपा ज्ञापन, बोले—CM तक पहुंचाओ किसानों की आवाज,कलेक्टर की गैरहाजिरी पर अनोखा प्रदर्शन

सीहोर में कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं और गेहूं खरीदी में देरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में कलेक्टर के न मिलने पर, कांग्रेसियों ने एक कुत्ते को 'कलेक्टर' लिखी तख्ती पहनाकर ज्ञापन सौंपा। सिंघार ने सांकेतिक रूप से कुत्ते के कान में मुख्यमंत्री तक किसानों का दर्द पहुंचाने की बात कही।

उमंग सिंगार ने कुत्ते को सौंपा ज्ञापन, बोले—CM तक पहुंचाओ किसानों की आवाज,कलेक्टर की गैरहाजिरी पर अनोखा प्रदर्शन

मध्य प्रदेश के सीहोर में एक अजब ही नजारा देखने को मिला, जब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ता कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे और जब कलेक्टर नहीं आए, तो उन्होंने ज्ञापन को कुत्ते के गले में लटका दिया.

भोपाल। किसानों की समस्याओं और गेहूं खरीदी में देरी को लेकर गुरुवार को राजधानी से सटे सीहोर में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में हुए इस हल्ला बोल आंदोलन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। ढाई घंटे के इंतजार के बाद भी जब कलेक्टर मिलने नहीं पहुंचे, तो आक्रोशित कांग्रेसियों ने एक कुत्ते के गले में कलेक्टर लिखी तख्ती टांग दी। नेता प्रतिपक्ष ने सांकेतिक रूप से कुत्ते को ही ज्ञापन सौंपा और उसके कान में बुदबुदाते हुए कहा, जाओ मुख्यमंत्री तक मेरी बात पहुंचा देना।

पैदल मार्च करते पहुंचे कलेक्ट्रेट

कल दोपहर करीब 2 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता बस स्टैंड से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए थे। आक्रोशित कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उमंग सिंघार ने स्पष्ट किया कि वे केवल कलेक्टर को ही ज्ञापन सौंपेंगे। जब एडीएम वृंदावन सिंह बाहर आए तो सिंघार ने उनसे बात करने से मना कर दिया।

गेट पर धरने पर बैठे

अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर मुख्यालय पर नहीं हैं, जिस पर सिंघार ने तंज कसते हुए पूछा क्या कलेक्टर हनीमून मनाने गए हैं। कलेक्टर की अनुपस्थिति से नाराज नेता प्रतिपक्ष और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के गेट पर ही धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक चले इस धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने वहीं जमीन पर बैठकर सेव-परमल खाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कलेक्टर के खिलाफ बंशीलाल बाहर आओ और सत्ता के दलाल जैसे तीखे नारे भी लगे।

प्रदर्शन में ये हुए शामिल

अंत में जब सब्र का बांध टूटा, तो एक कुत्ते को प्रतीक बनाकर विरोध जताया गया। जाने से पहले सिंघार ने एडीएम को फटकार लगाते हुए कहा कलेक्टर को बोल देना कि क्या वो गुलाम है। सीहोर में मध्य प्रदेश विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, सीहोर जिला प्रभारी जयश्री हरिकरण, सीहोर विधानसभा प्रभारी दिनेश मेघानी, पूर्व अध्यक्ष कैलाश परमार, पूर्व जिलाध्यक्ष डा बलवीर तोमर सहित जिले के वरिष्ठ कांग्रेसजनों सहित सभी ब्लाक अध्यक्ष, सेवादल अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, एनएसयूआइ, युवक कांग्रेस व जिले के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन व कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया गया।

छोटे किसानों को लूटने का आरोप

उमंग सिंघार मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश सरकार और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार ने कांग्रेस के दबाव में गेहूं खरीदी शुरू की है, लेकिन एक महीने की देरी की वजह से छोटा किसान औने-पौने दाम पर फसल बेच चुका है। अब इसका लाभ केवल बीजेपी के बिचौलियों को मिलेगा। पीएम फसल बीमा योजना का शुभारंभ इसी जिले के शेरपुर से हुआ था, लेकिन आज भी यहां का किसान मुआवजे के लिए भटक रहा है। 17 साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री और अब केंद्रीय कृषि मंत्री का गृह जिला होने के बावजूद सीहोर कृषि और उद्योग के मामले में अति पिछड़ा है।