कलश यात्रा में हर्ष फायरिंग से सनसनी: फोटोग्राफर के पैर में लगी गोली, मौके पर मची अफरा-तफरी

रीवा जिले में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर निकाली गई कलश यात्रा के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कलश यात्रा में हर्ष फायरिंग से सनसनी: फोटोग्राफर के पैर में लगी गोली, मौके पर मची अफरा-तफरी

रीवा में कलश यात्रा के दौरान मचा हड़कंप, फोटोग्राफर के पैर में लगी गोली, घायल का अस्पताल में इलाज जारी, जांच में जुटी पुलिस.

रीवा:चैत्र नवरात्र के अवसर पर जगह-जगह कई तरह के धार्मिक अयोजन किए जा रहे हैं. इन आयोजनों के बीच गुरुवार की शाम शहर में एक ऐसी घटना हो गई जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. बताया गया कि, आयोजित कलश यात्रा के दौरान एक व्यक्ति द्वारा हर्ष फायरिंग मे एक फोटोग्राफर गंभीर रूप से घायल हो गया. बन्दूक से निकली गोली फोटोग्राफी कर रहे युवक के सीधा पैर में जा धसी. गोली लगते ही मौके पर चीख पुकार मच गई. अफरा तफरी के बीच युवक को तत्काल गंभीर हालत में नजदीक के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसका इलाज किया जा रहा है.

कलश यात्रा के दौरान हर्ष फायरिंग

हर्ष फायरिंग का यह मामला शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलाब नगर का है. बताया जा रहा है कि, चैत्र नवरात्र के अवसर पर गुरुवार की शाम को कलश यात्रा का आयोजन किया गया था. जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए थे. कलश यात्रा गुलाब नगर से प्रारंभ हुई थी जिसका समापन पंचमठ नाथ आश्रम में हुआ था. कलश यात्रा वापस लौट रही थी इसी दरमियान एक व्यक्ति के द्वारा हर्ष फायरिंग की गई. बन्दूक से निकली गोली सीधा कलश यात्रा की फोटोग्राफी कर रहे युवक पवन सिंह के पैर में जा लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

कलश यात्रा की फोटोग्राफी कर रहे युवक के पैर में धंसी गोली

फोटोग्राफर के गोली लगते ही हड़कंप मच गया. मौके पर उपस्थित लोग तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल ले कर गए. डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया. बताया गया कि युवक की स्थिति अब सामान्य है. वहीं घटना की सूचना समान थाना पुलिस को दी गई जिसके बाद थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल अस्पताल पहुंचे और घटना की जांच शुरू की. पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है की घटना का मुख्य कारण क्या था और बन्दूक से हर्ष फायरिंग करने वाला व्यक्ति कौन है.

तफ्तीश में जुटी पुलिस: थाना प्रभारी विजय सिंह

समान थाना प्रभारी विजय सिंहने बताया कि, ''अस्पताल से थाने में सूचना प्राप्त हुई थी की पवन सिंह नाम का युवक गन शॉट से घायल हुआ है. पृथम दृष्टया जानकारी मिली है कि युवक पवन सिंह कलश यात्रा की फोटोग्राफी करने आया था. उसी दौरान गुलाब नगर के पास गोली चलने की घटना हुई थी. गोली युवक के पैर के अंगूठे के पास लगी है. युवक का ऑपरेशन किया गया है डॉक्टरों से बात की गई है. बताया गया कि, घायल युवक 12 घंटे तक बात कर पाने की स्थिति में नहीं है. युवक के बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता लग पाएगा. घटना की तस्दीक की जा रही है आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खांगले जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई जारी है. जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.