नपा अध्यक्ष के बेटे पर रेप का आरोप लगाने वाली युवती ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, सुसाइड नोट में लिखा—“मानसिक प्रताड़ना से टूट चुकी हूं

शिवपुरी नगर पालिका अध्यक्ष के बेटे पर रेप का आरोप लगाने वाली युवती ने जहर खा लिया है। उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि हमें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। साथ ही मारने की धमकी दी गई।

नपा अध्यक्ष के बेटे पर रेप का आरोप लगाने वाली युवती ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, सुसाइड नोट में लिखा—“मानसिक प्रताड़ना से टूट चुकी हूं

आरोपी पर कार्रवाई न होने से आहत पीड़िता ने उठाया खौफनाक कदम, परिवार ने दबाव और धमकियों का लगाया आरोप

शिवपुरी में 27 वर्षीय रेप पीड़िता ने 24-25 दिसंबर की रात नींद की 40 गोलियां और चूहे मारने की दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इससे पहले उसने 6 पेज का नोट लिखकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो गुरुवार सुबह वायरल हो गया। युवती की हालत खतरे से बाहर है।

सुसाइड नोट में यह लिखा

पुलिस ने छह पेज का सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, उनके पति संजय शर्मा, बेटे रजत शर्मा, गायत्री के भाई नरेंद्र शर्मा और मुरैना निवासी बहन के अलावा रिश्तेदार हर्ष शर्मा पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। लिखा है कि उस पर राजीनामा के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। हत्या करवाने की धमकी भी दी गई है।

यह है मामला

दरअसल, पीड़ित युवती ने 29 अप्रैल को रजत के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार दोनों का संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ था। रजत ने 20 अगस्त 2023 को उसे शादी के लिए प्रपोज किया था। शारीरिक संबंध बनाए और वीडियो भी बना लिए थे, लेकिन बाद में बहाने करने लगा। 10 अप्रैल 2025 को उसने शादी करने से स्पष्ट मना कर दिया। कहा कि घरवाले नहीं मान रहे। इस मामले में नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा और उनके पति संजय का कहना है कि बेटा जमानत पर है, वह लड़की के संपर्क में नहीं है।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

पीड़िता ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस अफसरों पर भी आरोप लगाए हैं। कहा कि कार्रवाई नहीं होने दी जा रही। इस पर कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ का कहना है कि पीड़िता कई बार थाने से लौट गई थी। आखिर में शिकायत दर्ज कराया, तीन माह पहले चालान भी पेश कर दिया गया है। फिलहाल उसके बयान दर्ज कर जांच की जा रही है। आगे जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।