कांवड़ यात्रा रूट पर किसने बिखेरे कांच के टुकड़े? बीजेपी विधायक ने लगाया आरोप

दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर पोस्ट किया कि दिलशाद गार्डन में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क पर टूटे कांच के टुकड़े मिले।

कांवड़ यात्रा रूट पर किसने बिखेरे कांच के टुकड़े? बीजेपी विधायक ने लगाया आरोप

शाहदरा से विधायक संजय गोयल ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने कांवड़ रूट पर कांच के टुकड़े बिछाए हैं। इस पर सीएम रेखा गुप्ता ने भी संज्ञान लिया

Kanwad Yatra 2025: दिल्ली के शाहदरा में कांवड़ रूट पर शनिवार को करीब एक किमी की दूरी में कांच के टुकड़े पाए जाने का मामला सामने आया है। इसकी सूचना मिलते ही दिल्ली शाहदरा के विधायक संजय गोयल ने मौके पर पहुंचे। उन्होंने शक जताया कि कुछ शरारती तत्वों ने कांच के टुकड़े बिखेरे हैं। विधायक संजय गोयल का आरोप है कि पिछले दो दिन से कांच के टुकड़े कांवड़ मार्ग पर बिछाए जा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें कांवड़ रूट पर कांच के टुकड़े बिखरे हुए नजर आ रहे हैं।

इस मामले को लेकर दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी संज्ञान लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि शाहदरा में कुछ शरारती तत्वों में कांवर यात्रा के मार्ग पर कांच के टुकड़े लगभग एक किलोमीटर तक के रूट पर बिखेर दिए।

सीएम ने भी लिया संज्ञान

कपिल मिश्रा ने पोस्ट में लिखा कि PWD और निगम के कर्मचारी कांवड़ रूट की सफाई कर रहे हैं। इस मामले पर सीएम रेखा गुप्ता ने भी संज्ञान लिया है। कपिल मिश्रा ने लिखा कि इस मामले में PWD की ओर से शरारती तत्वों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने आगे लिखा कि कांवड़ यात्रा में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे।

सफाई के बाद फिर से मिले कांच के टुकड़े

शाहदरा से बीजेपी के विधायक संजय गोयल ने बताया कि पहले भी कांवड़ रूट पर कांच के टुकड़े मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद MCD के अधिकारियों को निर्देश देकर सफाई करवा दी गई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को फिर से कांच के टुकड़े मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद वह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद रोड पर से कांच के टुकड़े इकट्ठा करके हटाए। विधायक संजय गोयल का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विधायक का दावा है कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर ऐसी हरकत की है।

इस रूट पर बिखरे थे कांच के टुकड़े

जानकारी के मुताबिक, शाहदरा में कांवड़ रूट पर कांच के टुकड़े पाए गए। यह रूट दिल्ली के अप्सरा बॉर्डर से शुरू होकर कश्मीरी गेट के धौला कुआं तक जाता है। बताया जा रहा है कि इसी रूट पर करीब 1 किमी तक कांच के टुकड़े बिखरे हुए थे। फिलहाल PWD और MCD के कर्मचारी कांवड़ रूट की सफाई की जा रही है।