राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते… बृज भूषण शरण सिंह ने बताई वजह, PoK पर कांग्रेस को घेरा

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' एक ऐतिहासिक और सफल सैन्य अभियान था, जिसने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया।

राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते… बृज भूषण शरण सिंह ने बताई वजह, PoK पर कांग्रेस को घेरा

भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कभी भी इस देश के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। वो टुकड़े-टुकड़े गैंग की कठपुतली हो गए हैं।

गोंडा से बीजेपी पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा- राहुल गांधी इस देश के कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। उनका कोई विजन नहीं है, रास्ता क्लियर नहीं है। वे टुकड़े-टुकड़े गैंग और पुराने कम्युनिस्टों की भाषा बोलते हैं, जो पाकिस्तान को पसंद आती है। अगर राहुल गांधी पीएम बन भी जाएं तो POK बेच देंगे। कांग्रेस ने ही देश का बंटवारा किया, कांग्रेस से POK की वापसी की उम्मीद करना बेकार है। POK अब भारतीय जनता पार्टी लाएगी

बृजभूषण ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जांच वाले बयान पर पलटवार किया। कहा कि CDS का बयान एक सैन्य प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। हमारी प्रक्रिया थोड़ी धीमी हो सकती है, लेकिन कांग्रेसियों का मन तो पहले से ही देशविरोधी रहा है, इसलिए वे इस तरह के बयान देते हैं।

बृजभूषण ने कहा- मैं पहले भी कह चुका हूं कि इनके हर बयान से सबसे ज्यादा खुशी पाकिस्तान में होती है। जांच तो इस बात की भी होनी चाहिए कि कांग्रेस ने हिंदुस्तान का बंटवारा क्यों किया? मुसलमानों के लिए अलग देश बनाया गया, लेकिन जिस समस्या को दिखाकर यह काम किया गया, उसका समाधान आज तक नहीं हुआ।

नेहरू ने सेना को क्यों रोका, इसकी भी जांच होनी चाहिए

उन्होंने सवाल उठाया कि देश के टुकड़े करने के पीछे कांग्रेस पर क्या दबाव था। बृजभूषण बोले- जांच यह भी होनी चाहिए कि नेहरू जी ने उस समय सेना को वापस क्यों बुला लिया। 1971 में 92 हजार पाकिस्तानी सैनिकों को बंदी बनाने के बाद हमने उन्हें क्यों छोड़ दिया। मुंबई में जब हमला हुआ, तब कांग्रेस सरकार ने क्या कार्रवाई की। इसकी भी जांच होनी चाहिए।

ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को जबरदस्त नुकसान

बृजभूषण ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर एक सफल सैन्य कार्रवाई थी। युद्ध में नुकसान दोनों पक्षों का होता है, यह भी सच है। लेकिन इस ऑपरेशन में भारत की तरफ से कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा- भारत की तुलना में पाकिस्तान को 10 गुना ज्यादा नुकसान हुआ।

अजहर मसूद को हमारी सेना ने उसके बंकर में घुसकर मारा। वह रो पड़ा, पूरे पाकिस्तान में हाहाकार मच गया। लेकिन कांग्रेस को यह नहीं दिखता। उन्हें सिर्फ भारत की कमियां दिखाई देती हैं- क्या वे पाकिस्तान को खुश करना चाहते हैं।