जनपद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध - डीएम- सुदृढ़ आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई
उरई में जिलाधिकारी डॉ. दुर्गेश कुमार ने स्पष्ट किया कि जनपद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। 35 गैस एजेंसियों के माध्यम से लाखों उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति की जा रही है। प्रशासन ने कालाबाजारी व जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और निगरानी व्यवस्था सख्त कर दी गई है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
जनपदवासियों से अपील अफवाहों पर न दें ध्यान, जनपद में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु एवं पर्याप्त - जिलाधिकारी
उरई । जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में बैठक कर गैस एजेंसियों, आपूर्ति विभाग के अधिकारियों तथा व्यापारियों/उद्यमियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।
जनपद में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की शंका को दूर करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में 35 गैस एजेंसियों के माध्यम से 3,52,748 घरेलू एवं 740 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में 9603 एलपीजी रिफिल तथा 611 कमर्शियल सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गैस एजेंसियां नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं तक समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एजेंसियों पर आवश्यक जानकारी, एडवाइजरी एवं पंपलेट भी प्रदर्शित किए जाएं। उन्होंने कहा कि गैस बुकिंग प्रणाली सुचारु रहे और किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशान न किया जाए। प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और सख्त करते हुए सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गैस एजेंसियों के कार्यालय एवं गोदामों का नियमित निरीक्षण करें तथा स्टॉक (आमद, वितरण एवं अवशेष) का प्रतिदिन सत्यापन कराएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या डायवर्जन की किसी भी शिकायत पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपस्थित तेल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि जनपद में एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। व्यापारियों एवं उद्यमियों ने भी बताया कि घरेलू एवं कमर्शियल दोनों प्रकार के सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पेट्रोल पंपों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, जिससे अराजक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला, तेल कंपनियों के प्रतिनिधि एवं जनपद के व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस