शंकराचार्य के वकील को जान से मारने की धमकी: मोबाइल पर आया मैसेज, बनारस कचहरी को बम से उड़ाने की चेतावनी

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के वकील श्रीनाथ त्रिपाठी को जान से मारने की धमकी मिली है. अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल पर मैसेज भेजकर यह धमकी दी गई. मैसेज में लिखा था कि वाराणसी कचहरी के साथ तुम्हें भी बम से उड़ा देंगे. इसके बाद पुलिस भी सतर्क हो गई और मैसेज भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है.

शंकराचार्य के वकील को जान से मारने की धमकी: मोबाइल पर आया मैसेज, बनारस कचहरी को बम से उड़ाने की चेतावनी

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज यौन शोषण मामले में उनके वकील श्रीनाथ त्रिपाठी को वाराणसी कचहरी उड़ाने और जान से मारने की धमकी मिली है।

वाराणसी. वाराणसी कचहरी को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह पिछले 14 दिनों में चौथी बार है जब कचहरी परिसर को ऐसी गंभीर धमकी प्राप्त हुई है. इस बार धमकी अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से दी गई, जिसमें उन्हें और पूरी कचहरी को बम से उड़ाने की बात कही गई.

श्रीनाथ त्रिपाठी शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के वकील हैं और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य भी रह चुके हैं. वे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज यौन शोषण मामले की पैरवी कर रहे हैं. बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे उनके फोन पर यह धमकी भरा संदेश आया, जिसमें स्पष्ट लिखा था कि “वाराणसी कचहरी को बम से उड़ा देंगे और तुम्हें भी”.

अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने इस धमकी का स्क्रीनशॉट अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर किया और पुलिस तथा प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की. उन्होंने उच्च अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी. धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है. संदेश भेजने वाले नंबर की पहचान और ट्रेसिंग की जा रही है.

पिछले कई दिनों से मिल रही धमकी

पिछले कुछ दिनों में कचहरी को ईमेल और अन्य माध्यमों से भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. इससे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. अधिकारी मान रहे हैं कि यह धमकियां किसी संगठित तरीके से दी जा रही हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है. सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं पर नजर रख रही हैं ताकि किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण घटना को रोका जा सके.

सुबह 7 बजे मोबाइल पर देखा मैसेज इस बारे में अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने कहा- आज सुबह जब मैं सोकर उठा, उसके बाद अपने मोबाइल के संदेश चेक कर रहा था। इसी दौरान मुझे एक धमकी भरा मैसेज मिला, जिसमें लिखा था कि वाराणसी कचहरी को उड़ा देंगे, तुम्हें भी। इसके बाद मैंने इसकी सूचना डीएम और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को दी। सूचना मिलते ही पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।

करीब 3 बार कचहरी में मेल के जरिए संदेश आया है। आज हमें चौथी बार ऐसा संदेश मिला है। इस तरह की सूचनाएं कई जिलों में भेजी गई हैं। पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसी सूचनाएं बंद हों। इन संदेशों से कचहरी का माहौल तनावपूर्ण हो गया है और काम प्रभावित हो रहा है।