CM मोहन यादव को काले झंडे दिखाने पर बिफरे कलेक्टर, हाथ में लाठी लेकर कांग्रेसियों को दौड़ाया; 37 नेता हिरासत में

शहडोल में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान काले झंडे दिखाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच झड़प हुई। कलेक्टर द्वारा की गई लाठीचार्ज में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई नेता घायल हुए। पुलिस ने मामले में 37 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

CM मोहन यादव को काले झंडे दिखाने पर बिफरे कलेक्टर, हाथ में लाठी लेकर कांग्रेसियों को दौड़ाया; 37 नेता हिरासत में

CM विरोध पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर ने कांग्रेसियों को खदेड़ा; 37 नेताओं की गिरफ्तारी

शहडोल में CM दौरे के दौरान काले झंडे दिखाने पर बवाल, कलेक्टर के लाठीचार्ज में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष समेत कई घायल; 37 कार्यकर्ता हिरासत में

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने एक आरक्षक से डंडा लेकर खुद प्रदर्शनकारियों पर लाठी भांज दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

शहडोल।मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे के दौरान जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम के बीच उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन उग्र होता देख हालात काबू से बाहर होते नजर आए, जिसके बाद कलेक्टर डॉ. केदार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और लाठी लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान हुई झड़प में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शेख साजिद सहित कई कांग्रेस नेताओं के घायल होने की खबर है। पुलिस ने कुल 37 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।इनमें से अधिकांश को जमानत भी मिल गई. लेकिन शेख साजिद समेत तीन नेता अब भी पुलिस की गिरफ्त में हैं.

शहडोल में कांग्रेस का हल्लाबोल

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को शहडोल जिले के धनपुरी पहुंचे थे, जहां उन्हें करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करना था। सरकारी कार्यक्रम से पहले ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध की रणनीति बना रखी थी। जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला पहुंचा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर घेराव करने का प्रयास किया।

कलेक्टर ने संभाली कमान, लाठीचार्ज

घटना बुढार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। विरोध प्रदर्शन के उग्र रूप लेने पर कलेक्टर डॉ. केदार सिंह स्वयं अपने वाहन से उतरे और लाठी लेकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ते नजर आए। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा प्रशासन के बीच झड़प हो गई। झड़प में यूथ कांग्रेस जयसिंहनगर विधानसभा अध्यक्ष शेख साजिद समेत कई नेताओं को चोटें आई हैं।

प्रशासनिक सख्ती पर भड़की कांग्रेस

इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं में भारी आक्रोश है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कलेक्टर के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रशासन सत्ता के दबाव में विपक्ष पर दमनात्मक कार्रवाई कर रहा है।

वहीं कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अंकित सिंह बघेल ने कहा कि लाठी के दम पर जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को “लोकतंत्र की हत्या” बताते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

37 कांग्रेसी हिरासत में

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर था। विरोध शुरू होते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 37 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इनमें से अधिकांश को शाम तक जमानत मिल गई, जबकि यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शेख साजिद सहित तीन नेताओं को देर शाम तक हिरासत में रखा गया।

विरोध के बीच CM ने किए विकास कार्यों का लोकार्पण

विरोध और हंगामे के बावजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने कार्यक्रम जारी रखे। उन्होंने धनपुरी नगर में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक वाटर पार्क का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले को कुल 767 करोड़ रुपये के 142 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें मेडिकल कॉलेज में पीजी कक्षाओं की शुरुआत, नई सिंचाई परियोजनाएं और सड़क विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।